पांच राज्यों में चुनावी नतीजे आज, पश्चिम बंगाल पर सबकी नजर

    पांच राज्यों में चुनावी नतीजे आज, पश्चिम बंगाल पर सबकी नजर

    TNP DESK:  देश के पांच राज्यों यानी असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में बीते महीने हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे. मतदान की प्रक्रिया अप्रैल के विभिन्न चरणों में पूरी हुई थी, जिसमें असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को तथा तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में वोट डाले गए थे. वहीं, पश्चिम बंगाल में राजनीतिक घमासान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को संपन्न हुआ. आज होने वाली मतगणना से न केवल क्षेत्रीय दलों का भविष्य तय होगा, बल्कि यह केंद्र और विपक्ष की भविष्य की राजनीति के लिए भी एक बड़ा संकेत साबित होगा.

    सबसे अधिक चर्चा और उत्सुकता पश्चिम बंगाल को लेकर है, जहाँ कुल 294 सीटों में से 293 सीटों के नतीजे आज आएंगे. हालांकि, राज्य की फाल्टा सीट पर आयोग द्वारा 21 मई को दोबारा मतदान कराने के फैसले के कारण वहां का परिणाम 24 मई को घोषित होगा. बंगाल में बहुमत का आंकड़ा 148 है और यहाँ पिछले 15 वर्षों से सत्ता पर काबिज़ ममता बनर्जी की टीएमसी को भाजपा से सीधी और कड़ी टक्कर मिल रही है. एग्जिट पोल्स के अनुमान भी दोनों दलों के बीच कांटे की लड़ाई दिखा रहे हैं, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है. साथ ही, मतदाता सूची से करीब 91 लाख नाम हटाए जाने के विवाद ने भी इस चुनाव को खासा चर्चा में रखा है.

    अन्य राज्यों की बात करें तो एग्जिट पोल्स असम और पुडुचेरी में भाजपा गठबंधन की वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं, जो पार्टी के लिए एक बड़ी जीत हो सकती है. वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में बदलाव की लहर दिखाई दे रही है; केरल में यूडीएफ (UDF) और तमिलनाडु में डीएमके (DMK) गठबंधन के सरकार बनाने के प्रबल आसार जताए गए हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त मनोज कुमार अग्रवाल के अनुसार, सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. दोपहर तक यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि जनता ने किन वादों और चेहरों पर अपना भरोसा जताया है.



    Related News