CM से मिले झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई

    CM से मिले झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई

    रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 की चैंपियन बनी झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने शिष्टाचार मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टीम के सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है.

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय टूर्नामेंट में खिताब जीतना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और जज्बे का परिणाम है. टीम के प्रत्येक खिलाड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती से निकली खेल प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं और यह सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी. मुख्यमंत्री ने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देती रहेगी.

    हॉकी इंडिया लीग के उद्घाटन के लिए सीएम को आमंत्रण

    इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी रांची में 28 दिसंबर से आयोजित होने वाली हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया.

    मुलाकात के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव ने मुख्यमंत्री को लीग के आयोजन की तैयारियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी दी. मुख्यमंत्री ने आयोजन को लेकर शुभकामनाएं दीं और राज्य में खेलों के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news