कोल इंडिया चेयरमैन का पहला धनबाद दौरा, केंदुआडीह में गैस रिसाव प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण

    कोल इंडिया चेयरमैन का पहला धनबाद दौरा, केंदुआडीह में गैस रिसाव प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण

    धनबाद (DHANBAD): कोल इंडिया के नवनियुक्त चेयरमैन बी. साईराम गुरुवार को अध्यक्ष पद संभालने के बाद अपने पहले दौरे पर धनबाद पहुंचे. रांची से सड़क मार्ग के जरिए धनबाद पहुंचते ही उन्होंने केंदुआडीह के गैस रिसाव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पुनर्वास की स्थिति और गैस रिसाव रोकने के लिए अपनाई जा रही तकनीकी प्रक्रियाओं की समीक्षा की. साथ ही संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली. कोल इंडिया प्रबंधन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात दोहराई.

    निरीक्षण के दौरान चेयरमैन बी. साईराम ने कहा कि उनकी पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी तरह की जान-माल की क्षति न हो. उन्होंने बताया कि इस दिशा में राज्य और केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप काम किया जा रहा है और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत बीसीसीएल और जिला प्रशासन को सूचित करें.

    चेयरमैन ने बताया कि यह एक जटिल समस्या है, क्योंकि क्षेत्र में भूमिगत खदानें हैं और यहां सौ साल से अधिक पुराना वर्किंग सिस्टम मौजूद है, जहां सीधे पहुंचना आसान नहीं है. उन्होंने कहा कि नाइट्रोजन फ्लशिंग जैसी वैज्ञानिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य तकनीकों के माध्यम से जहरीली गैसों के प्रभाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है. बी. साईराम ने भरोसा जताया कि जैसे ही यहां सकारात्मक परिणाम मिलेंगे, उसी तर्ज पर अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी यह कार्य तेजी से किया जाएगा.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news