शहर की सरकार: चर्चित विधायक जयराम महतो की पार्टी के कैंची छाप पर क्यों उठा विवाद ,अब आगे क्या?

    शहर की सरकार: चर्चित विधायक जयराम महतो की पार्टी के कैंची छाप पर क्यों उठा विवाद ,अब आगे क्या?

    धनबाद(DHANBAD): गैर दलीय चुनाव में किसी पंजीकृत  राजनीतिक पार्टी का चुनाव चिन्ह कैसे आवंटित किया जा सकता है? यह सवाल जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम ने उठाया है.  दरअसल, झारखंड में निकाय चुनाव को लेकर नामांकन की तैयारी चल रही है.  गैर दलीय  हो रहे इस चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा।  मेयर और अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के लिए आयोग ने चुनाव चिन्ह पूरे राज्य में घोषित किए है.  इस चुनाव चिन्ह में एक चिन्ह झारखंड में रजिस्टर्ड राजनीतिक पार्टी जेएलकेएम का चुनाव चिन्ह कैंची छाप भी शामिल है.  अब इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया है.  

    जेएलकेएम को कैंची छाप पर है आपत्ति 

    पार्टी ने इस पर आपत्ति जताई है.  कहा गया है कि गैर दलीय  चुनाव में किसी भी रजिस्टर्ड राजनीतिक दल का चुनाव चिन्ह रखने का नियम नहीं है.  आयोग ने 2022 में हुए पंचायत चुनाव के समय तय किए गए चुनाव चिन्ह को इसमें रिपीट कर दिया है.  कहा गया है कि 2022 में जेएलकेएम अस्तित्व में नहीं था.  लेकिन अब वह अस्तित्व में है.  ऐसे में 2026 के निकाय चुनाव में बिना जांचे 2022 के चुनाव चिन्ह को फिर से जारी करना सही नहीं है.  बता दें कि निर्वाचन आयोग ने अगस्त 2024 में जेएलकेएम को पार्टी के रूप में मान्यता देते हुए कैंची छाप आवंटित किया था.  2024 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने कई सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे.  पार्टी के उम्मीदवार कैंची छाप पर ही चुनाव लड़े थे.  वोट शेयरिंग के आधार पर ही राजनीतिक दल के रूप में मान्यता मिली थी.  दरअसल, मेयर और अध्यक्ष पद के लिए जो  चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए है.  उनमें कैंची भी शामिल है.  इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ है. 

    मेयर व अध्यक्ष के लिए निर्धारित चुनाव चिन्ह--

    अधिसूचना के अनुसार महापौर/अध्यक्ष पद के लिए तय प्रतीकों में एयर कंडीशनर, छड़ी, चूड़ियां, बैटरी टॉर्च, बेंच, बिस्कुट, बक्सा, ईंटें, बाल्टी, कैमरा, कार्पेट, सीसीटीवी कैमरा, चपाती रोलर, चिमनी, नारियल फार्म, कंप्यूटर माउस, घन, हीरा, डोली, ड्रिल मशीन, बिजली का खंभा, बाँसुरी, फव्वारा, कीप, गैस का चूल्हा, चाय छलनी, हरी मिर्च, ऊन व सिलाई, हेलमेट, आइसक्रीम, कटहल, भिंडी, कुंडी, लूडो, माचिस की डिब्बी, नेल कटर, कड़ाही, नाशपाती, कलम की निब (सात किरणों सहित), पेंसिल शार्पनर, पेट्रोल पंप, हाथ रेहड़ी, प्लेट स्टैंड, पंचिंग मशीन, अंगूठी, रूम कूलर, सेफ्टी पिन, कैंची, जूता और कूदने की रस्सी शामिल हैं। 

    वार्ड सदस्य के लिए निर्धारित चुनाव चिन्ह

    वहीं वार्ड पार्षद/सदस्य पद के लिए अलमारी, बेबी वॉकर, बल्ला, मोतियों का हार, साइकिल पंप, ब्लैक बोर्ड, डबल रोटी, ब्रीफकेस, केक, कैन, कैरम बोर्ड, जंजीर, चप्पलें, चिमटी, कलर ट्रे व ब्रश, चारपाई, सीटी, डीजल पंप, द्वार घंटी, डम्बल, लिफाफा, कुआं, फ्रॉक, स्टूल, उपहार, ग्रामोफोन, खिड़की, हेडफोन, जुराबें, पानी गर्म करने की रॉड, दीवार खूंटी, लेडी पर्स, लेटर बॉक्स, लंच बॉक्स, माइक, गले की टाई, पैंट, मटर, पैन स्टैंड, पेंडुलम, फोन चार्जर, करनी, रेजर, रोड रोलर, रूम हीटर, आरी, सिलाई मशीन, शटर, स्लेट और मिक्सर ग्राइंडर को मुक्त प्रतीक के रूप में निर्धारित किया गया है।

    सुरक्षित चुनाव चिह्न

    यदि उम्मीदवारों की संख्या अधिक हुई तो सेब, गुब्बारा, बल्लेबाज, बेल्ट, दूरबीन, पाल युक्त नाव, ब्रेड टोस्टर, ब्रश, कैलकुलेटर, शिमला मिर्च, फूलगोभी, चक्की, शतरंज बोर्ड, कोट, कंप्यूटर, क्रेन, कटिंग प्लायर, डिश एंटेना, दरवाजे का हैंडल, कान की बालियां, एक्सटेंशन बोर्ड, फुटबॉल खिलाड़ी, फ्राइंग पैन, गैस सिलेंडर, अदरक, अंगूर, हारमोनियम, टाइप मशीन, रेत घड़ी, चिमटा, किचन सिंक, लैपटॉप, लाइटर, टायर, नूडल्स कटोरा, मूंगफली, पेन ड्राइव, पेंसिल डिब्बा, मूसल-खरल, तकिया, खाने से भरी थाली, प्रेशर कुकर, रेफ्रिजरेटर, रोबोट, रबर की मुहर, स्कूल का बस्ता, पानी का जहाज, सितार, साबुनदानी और फूलदान जैसे सुरक्षित मुक्त प्रतीक आवंटित किए जाएंगे।

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news