बिहार का गया जंक्शन: महाबोधि एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान बड़ा हादसा


धनबाद(DHANBAD): बिहार के गया जंक्शन पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. ट्रेन पर चढ़ने के क्रम में दो यात्रियों की मौत हो गई. यह घटना गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर हुई है. जानकारी के अनुसार दिल्ली जाने वाली महाबोधि एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान दो यात्री ट्रेन के नीचे आ गए. उनके शव ट्रैक पर बिखर गए. दोनों के पास गया जी से नई दिल्ली जाने के लिए जनरल टिकट था. मृतकों की पहचान उनके पास उपलब्ध आधार कार्ड से की गई. घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दे दी गई है.
सूत्रों के अनुसार सोमवार को ट्रेन नंबर 12397 महाबोधि एक्सप्रेस नई दिल्ली जाने के लिए 6 नंबर प्लेटफार्म पर लगाई जा रही थी. प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ थी. ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म पर पहुंची, तभी यात्री दौड़कर जनरल कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगे. जीआरपी और आरपीएफ के जवान ऐसा करने से मना कर रहे थे.
हालांकि सीट पाने के चक्कर में लोग चलती ट्रेन में चढ़ने लगे. इसी दौरान दो यात्री प्लेटफार्म से रेल ट्रैक पर जा गिरे। जिससे वे ट्रेन के नीचे आ गए. इस घटना के बाद हड़कंप मच गया. इस हादसे की वजह से महाबोधि ट्रेन 50 मिनट देर से रवाना हुई. गया जी से नई दिल्ली जाने के लिए महाबोधि एक्सप्रेस एकमात्र रेगुलर ट्रेन है, जो गया जी से खुलती है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+