पटना से बड़ी खबर : राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बड़ा फेरबदल, जानिए कौन बने प्रदेश अध्यक्ष, किसे मिली राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी


पटना : बिहार में एनडीए के अहम घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा से जुड़ी बड़ी खबर है. पार्टी ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है. पार्टी के दिनारा से विधायक आलोक कुमार सिंह और अब तक प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष रहे मदन चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई है. दरअसल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दिनारा से विधायक आलोक कुमार सिंह अब बिहार प्रदेश राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष होंगे. राजधानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी पार्टी के प्रमुख पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने दी. इससे पहले पार्टी के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी थे.
बता दे कि पिछले कुछ दिनों से बार-बार यह खबर सामने आ रही थी कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के तीन विधायक अपने शीर्ष नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं. पार्टी की तरफ से आयोजित कई ऐसे कार्यक्रम जिनमें उपेंद्र कुशवाहा तो उपस्थित रहे लेकिन विधायकों की कोई उपस्थिति नहीं दिखाई दी. जिससे इस बात को लगातार बल मिल रहा था कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बड़ा बदलाव हो सकता है. राजनीतिक जानकारों की माने तो पार्टी में विद्रोह के यह स्वर तब से उठने शुरू हो गए थे, जब राज्य में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी के कोटे से अपने बेटे को मंत्रिमंडल में शामिल कराया.
पार्टी में असंतोष के स्वर तब और भी गंभीर हो गए थे जब उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पत्नी और सासाराम से विधायक स्नेहलता को विधानसभा में पार्टी का सचेतक नियुक्त किया था. हालांकि इससे पहले जब भी कथित रूप से नाराज विधायकों से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने इन बातों को नकार दिया था. विधायकों की नाराजगी पर उपेंद्र कुशवाहा में कहा कि विधायक नाराज है इसकी चर्चा मीडिया कर रही थी और आप लोग सवाल भी पूछ रहे हैं. उन्होंने कहा कि कहीं किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था.
4+