कोई भी विधायक मन में जो आएगा बोल देगा यह नहीं चलेगा, विपक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग


पटना : बिहार विधानसभा में राजधानी पटना में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायकों ने जमकर हंगामा किया. यह विरोध राष्ट्रीय जनता दल के विधायक कुमार सर्वजीत द्वारा दिवंगत नेता रामविलास पासवान को “बेचारा” कहे जाने की टिप्पणी के विरोध में किया गया.
इस तरह की भाषा का प्रयोग अस्वीकार्य
लोजपा (रामविलास) के विधायकों ने इस बयान को अपमानजनक बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई. उनका कहना है कि रामविलास पासवान देश के वरिष्ठ और सम्मानित नेता रहे हैं. जिन्होंने केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई. ऐसे नेता के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग अस्वीकार्य है.
विपक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग
विधायकों ने विपक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग की और कहा कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती उनका विरोध जारी रहेगा. पार्टी के विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि विपक्ष को श्वेत पत्र की मांग करने से पहले यह बताना चाहिए कि तेजस्वी यादव कहां है.
हम इसका विरोध करते रहेंगे
“विपक्ष श्वेत पत्र की बात न करे.पहले तेजस्वी यादव को खोजकर लाए उसके बाद श्वेत पत्र की मांग करे. रामविलास पासवान पर जिस तरह की टिप्पणी की गई वह बेहद गलत है. क्या वह बेचारे थे? वह देश के प्रधानमंत्री के साथ काम कर चुके थे. कोई भी विधायक मन में जो आएगा बोल देगा यह नहीं चलेगा. हम इसका विरोध करते रहेंगे”
सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने
राजू तिवारी ने स्पष्ट किया कि रामविलास पासवान के सम्मान का मुद्दा पार्टी के लिए भावनात्मक है और इस पर हंगामा जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक विवाद नहीं बल्कि एक दिवंगत राष्ट्रीय नेता के सम्मान का सवाल है. पटना की राजनीति में यह बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत दे रही है. फिलहाल इस मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आ रहे है.
4+