रांची में रफ्तार का कहर : बस और बालू लदे हाइवा की टक्कर में मां-बेटी की मौत, कई घायल

    रांची में रफ्तार का कहर : बस और बालू लदे हाइवा की टक्कर में मां-बेटी की मौत, कई घायल

    रांची (TNP Desk) : राजधानी रांची में रविवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहां बस और बालू लदे हाइवा की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. घटना तुपुदाना ओपी क्षेत्र के तुपुदाना ओवरब्रिज के पास की है. बताया जाता है कि रविवार सुबह करीब पांच बजे एक यात्री बस और बालू लदे हाइवा की टक्कर में मां-बेटी की मौत हुई है. वहीं हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं. 

    रांची से चाईबासा जा रही थी बस

    स्थानीय लोगों के अनुसार श्री हरिरथ नाम की बस रविवार सुबह रांची से चाईबासा के लिए जा रही थी. बस जैसे ही तुपुदाना ओवरब्रिज के पास पहुंची. इसी दौरान अनियंत्रित हाइवा ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और हाइवा दोनों ही ओवरब्रिज के पिलर में जा घुसे. टक्कर में बस का दाहिना हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में अगली सीट पर बैठे कोडरमा की रहने वाली मां और बेटी की मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन से ज्यादा यात्री बुरी तरह से घायल हुए हैं.

    कोडरमा की रहने वाली थी मृतक

    मृतक की पहचान कोडरमा की रहने वाली रीमा देवी (45) और उनकी बेटी सोनल कुमारी (7) के रूप में हुई है. दोनों कोडरमा के फॉरेस्ट कॉलोनी के रहने वाले थे. रांची से दोनों खूंटी जाने के लिए चाईबासा जाने वाली बस में बैठी थी. घटना की जानकारी मिलते ही तुपुदाना थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल भेजा गया. वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news