ट्रंप के नए फैसले से भारत को मिली राहत, 60 देशों पर अमेरिका का नया टैरिफ लागू

ट्रंप के नए फैसले से भारत को मिली राहत, 60 देशों पर अमेरिका का नया टैरिफ लागू

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने भारत समेत 60 देशों से आने वाले सामान पर नया टैरिफ लागू कर दिया है. अब इन देशों से आयात होने वाले कई उत्पादों पर 10 फीसदी और 12.5 फीसदी तक अतिरिक्त टैक्स देना होगा. अमेरिका का कहना है कि यह कदम उन देशों पर दबाव बनाने के लिए उठाया गया है, जहां जबरन मजदूरी यानी फोर्स्ड लेबर से बने सामान के खिलाफ सख्ती नहीं हो रही है.

भारत को क्या फायदा मिला

इस फैसले में भारत के लिए राहत की खबर है. पहले माना जा रहा था कि भारत पर 12.5 फीसदी टैरिफ लगाया जा सकता है. लेकिन दोनों देशों के बीच हुई बातचीत के बाद भारत को 10 फीसदी वाले समूह में रखा गया है. इससे भारतीय निर्यातकों पर पहले के मुकाबले कम असर पड़ेगा और कई सेक्टरों को राहत मिलेगी.

कब से लागू होंगे नए नियम

अमेरिका ने बताया कि नए टैरिफ शुक्रवार रात 12.01 बजे (EDT) से लागू हो जाएंगे. इसके साथ ही पहले से लागू अस्थायी 10 फीसदी ग्लोबल टैरिफ खत्म हो जाएगा. हालांकि जो सामान पहले ही अमेरिका के लिए भेजा जा चुका है, उसे 28 जुलाई तक छूट मिलेगी. यानी इस तारीख तक पहुंचने वाले माल पर नया टैक्स नहीं लगेगा.

अमेरिका ने क्यों उठाया यह कदम

अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमीसन ग्रीर का कहना है कि दुनिया के कई हिस्सों में आज भी जबरन मजदूरी से बने सामान का कारोबार जारी है. उनका कहना है कि कई सालों से अपील करने के बाद भी हालात में ज्यादा बदलाव नहीं आया. ऐसे में अब अमेरिका चाहता है कि उसके व्यापारिक साझेदार भी इस तरह के सामान के खिलाफ सख्त कदम उठाएं.

किन देशों पर कितना टैरिफ

अमेरिका ने देशों को दो हिस्सों में बांटा है. जिन देशों ने फोर्स्ड लेबर के खिलाफ कानून बनाए हैं या कार्रवाई का भरोसा दिया है, उन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाया गया है. इस सूची में भारत, ब्रिटेन, कनाडा, मैक्सिको, बांग्लादेश, पाकिस्तान, मलेशिया, इंडोनेशिया, कंबोडिया, श्रीलंका और अर्जेंटीना जैसे देश शामिल हैं.

वहीं जिन देशों में ऐसे मामलों में पर्याप्त कार्रवाई नहीं मानी गई, वहां से आने वाले सामान पर 12.5 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा. यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्विट्जरलैंड के कुछ उत्पाद भी इस दायरे में आएंगे.

आगे और बढ़ सकती है सख्ती

अमेरिका ने 16 देशों के खिलाफ ट्रेड एक्ट की धारा 301 के तहत जांच भी शुरू की है. आरोप है कि इन देशों ने जरूरत से ज्यादा उत्पादन कर वैश्विक बाजार में कीमतें गिरा दीं, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हुआ. अगर जांच में आरोप सही पाए गए तो आगे चलकर इन देशों पर और ज्यादा टैरिफ लगाया जा सकता है.

इन सामानों पर नहीं लगेगा नया टैक्स

नई टैरिफ नीति में कुछ जरूरी उत्पादों को छूट दी गई है. तेल और गैस, कुछ खाद्य पदार्थ, स्टील, एल्युमीनियम, कॉपर, ऑटोमोबाइल और अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते के तहत ड्यूटी फ्री आने वाले सामान पर यह नया टैरिफ लागू नहीं होगा. इससे इन सेक्टरों में कारोबार पहले की तरह जारी रहेगा.