होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ट्रंप का फिर बड़ा दावा, नक्शा शेयर कर बताया अमेरिका का नया इलाका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर नक्शा शेयर करते हुए इसे अमेरिका का नया क्षेत्र बताया.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा दावा किया है. रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका नक्शा शेयर किया और इसे अमेरिका का नया इलाका बताया. होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है. यहां से बड़ी मात्रा में तेल, प्राकृतिक गैस और दूसरे सामान की आवाजाही होती है. ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण यह इलाका लगातार चर्चा में है.
ट्रंप ने नक्शे में होर्मुज स्ट्रेट को दिखाया
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक नक्शा पोस्ट किया. इसमें होर्मुज स्ट्रेट वाले हिस्से को घेरा गया था. ट्रंप इससे पहले 18 अगस्त को भी यही तस्वीर शेयर कर चुके हैं.
28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद ईरान ने इस समुद्री रास्ते को बंद कर दिया था. इसके बाद से होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद और बढ़ गया है.
ट्रंप बोले- जल्द अमेरिका का क्षेत्र घोषित करूंगा
ट्रंप ने 15 अगस्त को पहली बार होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने की बात कही थी. न्यूयॉर्क में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि ईरान को हराने के बाद वह जल्द होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र घोषित करेंगे.
ट्रंप का दावा है कि इस अहम समुद्री रास्ते पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है. दूसरी ओर ईरान इस दावे को खारिज करता है और होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण बताता है.

ईरान ने कहा- अभी बंद रहेगा होर्मुज स्ट्रेट
ईरान ने शनिवार को साफ किया कि फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला जाएगा. ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि अमेरिका के दावों के बावजूद यह समुद्री रास्ता बंद है.
रेजाई के मुताबिक, जब तक अमेरिका अपना व्यवहार नहीं बदलता और अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करता, तब तक इसे खोलने पर विचार नहीं किया जाएगा.
दूसरे देशों को भी ईरान की चेतावनी
ईरान ने इस मामले में दूसरे देशों को भी चेतावनी दी है. रेजाई ने कहा कि अन्य देशों को अमेरिका की ओर से शुरू की गई आर्थिक लड़ाई का हिस्सा नहीं बनना चाहिए.
उन्होंने कहा कि जो देश ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों में शामिल होंगे, उन्हें ईरान अपने विरोधी के रूप में देखेगा. होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के इन बयानों के बाद इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते पर तनाव और बढ़ता नजर आ रहा है.