बिना हिजाब स्टेज परफॉर्मेंस देना ईरानी गायिका को पड़ा महंगा, मिली 74 कोड़े मारने की सजा
किसी देश में एक महिला का अपनी पसंद के कपड़े पहनना और अपनी आवाज में गाना गाना क्या इतना बड़ा अपराध हो सकता है कि उसे शारीरिक सजा तक दे दी जाए, ईरान में गायिका परस्तू अहमदी के साथ हुई कार्रवाई ने एक बार फिर इस सवाल को दुनिया के सामने खड़ा कर दिया है.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): किसी देश में एक महिला का अपनी पसंद के कपड़े पहनना और अपनी आवाज में गाना गाना क्या इतना बड़ा अपराध हो सकता है कि उसे शारीरिक सजा तक दे दी जाए, ईरान में गायिका परस्तू अहमदी के साथ हुई कार्रवाई ने एक बार फिर इस सवाल को दुनिया के सामने खड़ा कर दिया है. बिना हिजाब पहने कॉन्सर्ट करने और उसका वीडियो इंटरनेट पर साझा करने के कारण परस्तू अहमदी और उनकी टीम के चार सदस्यों को 74-74 कोड़े मारे गए हैं. इस घटना के बाद ईरान में महिलाओं की आजादी, धार्मिक कानूनों और कलाकारों के अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है.
बिना हिजाब गाना गाने पर हुई कार्रवाई
29 वर्षीय गायिका परस्तू अहमदी का मामला दिसंबर 2024 का है. उस दौरान उन्होंने ईरान के एक ऐतिहासिक कारवांसराय में कॉन्सर्ट रिकॉर्ड किया था. इस कार्यक्रम में उनके साथ कुछ पुरुष संगीतकार भी मौजूद थे. खास बात यह थी कि परस्तू ने सिर पर हिजाब नहीं पहना था और बिना आस्तीन वाली लंबी ड्रेस पहनकर गाना गाया था.
उन्होंने इस को 'इमैजिनरी कॉन्सर्ट' नाम दिया और इसका वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर साझा कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच गया. लेकिन ईरानी अधिकारियों को उनका यह कदम पसंद नहीं आया. इसके बाद गायिका और उनकी टीम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई.
अदालत ने सुनाई 74 कोड़े मारने की सजा
इस मामले में परस्तू अहमदी के साथ उनकी टीम के आठ और सदस्यों पर भी कार्रवाई हुई. उन पर सार्वजनिक शालीनता के नियमों का उल्लंघन करने और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप लगाए गए थे. जून 2026 में अदालत ने सजा सुनाई, जिसमें 74 कोड़े मारने के अलावा दो साल तक कलात्मक गतिविधियों पर रोक और देश छोड़ने पर प्रतिबंध भी शामिल था.
सितंबर में अपील अदालत ने भी इस फैसले को बरकरार रखा. इसके बाद 23 नवंबर 2026 को परस्तू अहमदी और उनके साथ चार पुरुष सदस्यों को 74-74 कोड़े मारे गए. इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद मानवाधिकार संगठनों और कलाकारों ने कड़ी नाराजगी जताई.

ईरान में महिलाओं के लिए क्यों मुश्किल है सार्वजनिक गायन
ईरान में महिलाओं के पहनावे और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर काफी सख्त नियम हैं. 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद देश में हिजाब को महिलाओं के लिए अनिवार्य कर दिया गया. सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं को सिर ढकना और तय ड्रेस कोड का पालन करना पड़ता है.
इसके अलावा महिलाओं के सार्वजनिक रूप से अकेले गाने और पुरुषों की मौजूदगी वाले मिश्रित समूह के सामने प्रस्तुति देने पर भी कई तरह की पाबंदियां हैं. यही वजह है कि वहां महिला कलाकारों के लिए अपनी मर्जी से संगीत कार्यक्रम करना आसान नहीं है.
कलाकारों की आजादी पर फिर उठे सवाल
परस्तू अहमदी का मामला ईरान में कलाकारों पर होने वाली कार्रवाई की एक और मिसाल बन गया है. इससे पहले गायक मेहदी याराही को भी 74 कोड़े मारने की सजा दी जा चुकी है. मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि किसी व्यक्ति को उसकी कला, कपड़ों या अभिव्यक्ति के लिए शारीरिक सजा देना गलत है.
इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. क्या किसी महिला को अपनी पसंद के कपड़े पहनने और अपनी आवाज के जरिए अपनी बात रखने की आजादी नहीं होनी चाहिए, फिलहाल परस्तू अहमदी का मामला सिर्फ एक गायिका तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ईरान में महिलाओं के अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की लड़ाई का एक अहम उदाहरण बन गया है.