अमेरिका में 2 लाख विदेशियों पर बड़ा वीजा एक्शन! बी1-बी2 वीजा रद्द करने की तैयारी में ट्रंप प्रशासन
अमेरिका में करीब 2 लाख विदेशी नागरिकों के B1 और B2 वीजा पर खतरा मंडरा रहा है. ट्रंप प्रशासन उन लोगों के वीजा रद्द करने की तैयारी कर रहा है, जिन्होंने विजिटर वीजा पर अमेरिका पहुंचने के बाद शरण के लिए आवेदन किया.
टिएनपी डेस्क(TNP DESK): अमेरिका में रह रहे करीब 2 लाख विदेशियों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन एक बड़े वीजा एक्शन की तैयारी में है. इसके तहत उन विदेशी नागरिकों के बिजनेस और टूरिस्ट वीजा रद्द किए जा सकते हैं, जो B1 या B2 वीजा लेकर अमेरिका पहुंचे थे, लेकिन बाद में वहीं रहने के लिए शरण की अर्जी लगा दी. अगर यह योजना लागू होती है, तो इतनी बड़ी संख्या में एक साथ वीजा रद्द करने का यह अमेरिकी इतिहास के सबसे बड़े मामलों में शामिल हो सकता है.
अमेरिकी विदेश विभाग आने वाले हफ्तों में इस फैसले का ऐलान कर सकता है. हालांकि, अगर योजना को कानूनी चुनौती मिलती है या सरकार इसमें कोई बदलाव करती है, तो इसके लागू होने के तरीके पर असर पड़ सकता है.
2016 से 2026 के बीच जारी वीजा की हो रही जांच
इस कार्रवाई के दायरे में 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए B1 और B2 वीजा आ सकते हैं. अमेरिकी अधिकारी ऐसे लोगों की पहचान कर रहे हैं, जो विजिटर के तौर पर अमेरिका पहुंचे और बाद में उन्होंने शरण के लिए आवेदन कर दिया.
B1 वीजा आमतौर पर बिजनेस से जुड़े छोटे दौरे के लिए दिया जाता है. वहीं B2 वीजा पर्यटन, परिवार से मिलने या दूसरे निजी कामों के लिए अमेरिका जाने वाले लोगों को दिया जाता है.

शरण मांगने वालों की पहचान कर रहा प्रशासन
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट के मुताबिक, विदेश विभाग और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग मिलकर ऐसे विदेशी नागरिकों की पहचान कर रहे हैं, जो कम समय के लिए अमेरिका आए थे, लेकिन बाद में उन्होंने वहां स्थायी रूप से रहने के लिए शरण की अर्जी दे दी.
हालांकि, पिगॉट ने यह नहीं बताया कि आखिर कितने लोगों के वीजा रद्द किए जाएंगे. उनके मुताबिक यह प्रक्रिया लगातार चलती रहेगी, इसलिए प्रभावित लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है.
वीजा रद्द होते ही अमेरिका से नहीं निकाला जाएगा
यहां यह समझना जरूरी है कि वीजा रद्द होने का मतलब तुरंत अमेरिका से बाहर निकाला जाना नहीं है. जिन लोगों की शरण की अर्जी अभी लंबित है, वे नियमों के तहत अपने केस को आगे बढ़ा सकते हैं.
हालांकि, उनका बिजनेस या टूरिस्ट वीजा स्टेटस खत्म हो जाएगा. इसके बाद अमेरिका में उनकी कानूनी स्थिति उनके शरण के मामले और वहां के इमिग्रेशन नियमों पर निर्भर करेगी.

इमिग्रेशन पर लगातार सख्ती कर रहा ट्रंप प्रशासन
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका की इमिग्रेशन और वीजा नीति में लगातार सख्ती देखने को मिल रही है. नया कदम भी इसी नीति का हिस्सा माना जा रहा है.
अगर करीब 2 लाख लोगों के B1 और B2 वीजा रद्द करने की योजना आगे बढ़ती है, तो इसका असर बड़ी संख्या में उन विदेशियों पर पड़ेगा, जो अमेरिका में शरण पाने के लिए अपनी अर्जी पर फैसले का इंतजार कर रहे हैं.