टीनपी डेस्क (TNP DESK): मिडिल ईस्ट मे चल रहे तनाव के बीच भारत के लिए दुखद खबर सामने आई है जहां होर्मुज में हो रहे जहाजों पर हमले में एक भारतीय की मौत हो गई जबकि 10 भारतीय घायल है. इसी को लेकर विदेश मंत्रालय ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है. मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में मंत्रालय ने कहा कि भारत इस घटना को लेकर बेहद चिंतित है. हमले MT अल बाहिया और MT मोम्बासा नामक जहाजों पर हुए, जो होर्मुज स्ट्रेट गुजर रहे थे. बता दें, दोनों जहाजों पर कुल 46 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 30 भारतीय नाविक शामिल थे.
विदेश मंत्रालय के अनुसार, MT अल बाहिया पर 12 भारतीय नागरिक सवार थे. इनमें से एक भारतीय नाविक की हमले में दुखद मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया. वहीं MT मोम्बासा पर 18 भारतीय नागरिक मौजूद थे, जिनमें से नौ लोग घायल हुए हैं. मंत्रालय ने बताया कि भारत सरकार सभी प्रभावित भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय मिशन और दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
Our statement on attacks on commercial vessels
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) July 14, 2026
🔗 https://t.co/ApWdLnC5Tt pic.twitter.com/BZcxl6Awqd
विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में एक बार फिर बढ़ते तनाव और हिंसा पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है. मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में संघर्ष दोबारा शुरू होने से शांति और स्थिरता को गंभीर खतरा पैदा हो गया है. भारत ने सभी पक्षों से हिंसा तत्काल रोकने, संयम बरतने और विवादों के समाधान के लिए बातचीत तथा कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है. साथ ही मंत्रालय ने बताया कि भारत में मौजूद ईरानी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को तलब कर इस घटना पर भारत की ओर से कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है. फिलहाल सरकार प्रभावित भारतीय नाविकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई है.

