टीएनपी डेस्क(TNP DESK): अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार में शनिवार को हुए भीषण विस्फोट ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. स्कूल के पास हुए इस धमाके में अब तक 7 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया.
विस्फोटक रखने के गोदाम में हुआ धमाका
हादसा कुनार प्रांत के असदाबाद शहर के बाहरी इलाके अंडार सेर में हुआ. शनिवार सुबह करीब 10 बजे स्कूल के बगल में बने एक गोदाम में जोरदार विस्फोट हुआ. इस गोदाम में खनन कंपनियों के लिए इस्तेमाल होने वाले डायनामाइट और कई विस्फोटक रखे गए थे. धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.
15 घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
कुनार के सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में कई बच्चे और कई लोग घायल हुए हैं. घायलों में से 15 लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है. शुरुआती जानकारी में पहले 6 बच्चों की मौत की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई.
लापरवाही से धमाके की आशंका
पुलिस और प्रशासन की टीमें घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं. अधिकारियों ने शुरुआती जांच में गोदाम के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की आशंका जताई है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि विस्फोटक किस वजह से फटे. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी. इस घटना ने स्कूलों और रिहायशी इलाकों के आसपास विस्फोटक सामग्री रखने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
