बड़ी खबर: कांगो में भीषण आग! स्कूल में आग लगने से 24 बच्चों की मौत, 300 घर जलकर खाक
कांगो के बुकावु में भीषण आग से दो स्कूलों के कम से कम 24 बच्चों की मौत हो गई. हादसे में 29 लोग घायल हैं और करीब 300 घर जलकर खाक हो गए. राहत और बचाव अभियान जारी है.
कांगो के बुकावु में भीषण आग से दो स्कूलों के कम से कम 24 बच्चों की मौत हो गई. हादसे में 29 लोग घायल हैं और करीब 300 घर जलकर खाक हो गए. राहत और बचाव अभियान जारी है.
टीनपी डेस्क (TNP DESK): डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के बुकावु इलाके से बड़ी खबर सामने आई है जहां आग की लपेटे ने 24 बच्चों की जान ले ली. दरअसल, विद्रोही संगठन M23 के नियंत्रण वाले इस इलाके में आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया जिसमें दो स्कूलों के कम से कम 24 बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ वयस्कों के भी मारे जाने की खबर है. करीब 29 लोगों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है. घनी आबादी वाले इलाके में आग तेजी से फैलने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. आग की चपेट में आने से लगभग 300 घर भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए. इस घटना के बाद राहत और बचाव दल प्रभावित इलाके में लगातार काम कर रहे हैं.
स्थानीय प्रशासक मोसे लुबाला के मुताबिक, आग की शुरुआत एक घर से हुई थी, जिसके बाद इसकी लपटें आसपास के इलाकों और पास मौजूद दो स्कूलों तक पहुंच गईं. फुराहा सेकंडरी स्कूल में उस वक्त बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे. आग फैलने के बाद स्कूल के भीतर अफरा-तफरी मच गई और कई बच्चे धुएं की वजह से दम घुटने से परेशान होने लगे. फुराहा और उजामा प्राइमरी स्कूल के कई छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म में ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. नर्स सिजा जीन-बैप्टिस्ट ने बताया कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई. अस्पतालों में भर्ती बच्चों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
हादसे के दौरान स्कूल से बाहर निकलने का रास्ता बेहद संकरा होने के कारण स्थिति और भयावह हो गई. प्रशासन के अनुसार, कुछ छात्रों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से छलांग लगा दी, जबकि अन्य बच्चे दरवाजे की ओर भागे. बाहर निकलने की कोशिश में कई छात्र आपस में टकरा गए और कुछ पैरों तले कुचल गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन घटनास्थल पर मलबे और टीन की चादरों से धुआं निकलता रहा. आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है और प्रशासन इसकी जांच में जुटा है.