बड़ी खबर: बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा घायल

बड़ी खबर: बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा घायल

टीनपी डेस्क (TNP DESK): थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार सुबह एक पब में भीषण आग लग गई जिससे बड़ा हादसा हो गया. इस भीषण दर्दनाक घटना में अबतक कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों के अनुसार, घायलों में 22 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. दरअसल, हादसा बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित 'ना लादप्राओ' पब में हुआ. घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब के मुख्य द्वार से आग की ऊंची लपटें और घना धुआं निकलता दिखाई दे रहा है. वीडियो में कई लोग जान बचाने के लिए बाहर भागते भी नजर आए. सूचना मिलते ही दमकल और राहत दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया.

अधिकारियों के मुताबिक, आधी रात के आसपास आग लगने की सूचना मिली थी. घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पब में प्रस्तुति दे रहे एक म्यूजिशियन ने बताया कि बिजली गुल होने से पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था. इसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा पब घने धुएं से भर गया. धुएं और आग के कारण लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया. कई पीड़ित पब के पिछले हिस्से में बने रेस्ट रूम में मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने वहां शरण लेने की कोशिश की थी.

समाचार एजेंसी के अनुसार, बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने बताया कि कुल 63 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. घायलों में कई की हालत बेहद गंभीर है. राहत कार्य के दौरान अधिकारियों को पीड़ितों की पहचान करने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ा, क्योंकि कई लोगों के पास पहचान पत्र नहीं थे और कुछ बेहोशी की हालत में मिले. प्रशासन ने घटनास्थल पर अपने परिजनों की तलाश में पहुंच रहे लोगों की सहायता के लिए एक विशेष रजिस्ट्रेशन डेस्क भी स्थापित किया है. फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह की विस्तृत जांच जारी है.