बड़ी खबर: बिजली स्टेशन में आग लगने से 4 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल, जानिए कहाँ का है मामला
इराक के बसरा में शनिवार को एक बिजली स्टेशन में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए. आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी लपटें आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच गईं. कई मकानों और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): इराक के बसरा में शनिवार को एक बिजली स्टेशन में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए. आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी लपटें आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच गईं. कई मकानों और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
गैस पाइपलाइन में धमाके के बाद लगी आग
यह हादसा बसरा शहर के उत्तर में स्थित अल-हरथा बिजली स्टेशन में हुआ. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, स्टेशन को गैस की सप्लाई करने वाली पाइपलाइन में अचानक धमाका हुआ. इसके बाद आग लग गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया. आग की लपटें आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच गईं, जिससे कई मकानों और वाहनों को नुकसान हुआ.
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और नागरिक सुरक्षा की टीमें मौके पर पहुंच गईं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. वहीं, घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है.
आग के बाद 400 मेगावाट बिजली उत्पादन ठप
अल-हरथा बिजली स्टेशन इराक के प्रमुख बिजली संयंत्रों में से एक है. इसकी कुल उत्पादन क्षमता करीब 800 मेगावाट है. हादसे के समय यहां लगभग 400 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था. आग लगने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे संयंत्र को बंद कर दिया गया. इससे आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है.
धमाके की वजह तलाश रहे अधिकारी
हादसे के बाद इराकी अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गैस पाइपलाइन में धमाका किन वजहों से हुआ. वहीं, आग से सरकारी संपत्ति और आसपास के मकानों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर इराक के बिजली संयंत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.