Big Story : कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 की मौत जबकि 16 घायल, जानिए कहां का है मामला
पश्चिमी ईरान में तेल और गैस कर्मचारियों को ले जा रही बस हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 16 घायल हैं.
पश्चिमी ईरान में तेल और गैस कर्मचारियों को ले जा रही बस हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 16 घायल हैं.
टीनपी डेस्क (TNP DESK): पश्चिमी ईरान में इराक की सीमा के पास से एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को ले जा रही बस पलट गई. इस दुर्घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में कुछ की हालत गंभीर है. ऐसे में अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है. हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां जांच में जुट गई हैं.
देहलोरन के पास सड़क पर पलटी बस
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार शाम इलाम प्रांत में हुई. बस ‘देहलोरन NGL 3100’ तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को लेकर जा रही थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. इससे पहले स्थानीय प्रांतीय अधिकारियों ने नौ लोगों की मौत की पुष्टि की थी. दुर्घटना में घायल 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
राष्ट्रपति ने घायलों के इलाज के दिए निर्देश
हादसे के बाद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन की ओर से राहत और उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है. इस दुर्घटना में मारे गए कई लोग अब्दानन के रहने वाले थे. घटना के बाद इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है.
लापरवाही मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
अब्दानन के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. इसमें दुर्घटना के पीछे की परिस्थितियों, संभावित लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पड़ताल की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति या जिम्मेदार संस्था की गलती सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना है.