फ्रांस से PM मोदी का बड़ा संदेश, ‘भारत इनोवेट्स 2026’ बनेगा दुनिया के नवाचार का नया हब

फ्रांस से PM मोदी का बड़ा संदेश, ‘भारत इनोवेट्स 2026’ बनेगा दुनिया के नवाचार का नया हब

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): फ्रांस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीस शहर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली और राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और यूरोप के बीच नवाचार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई दिशा देना है.

‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और दुनिया के कई देशों के स्टार्टअप्स, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ और वेंचर कैपिटल फंड हिस्सा ले रहे हैं. यह मंच युवा उद्यमियों और नई तकनीकों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर प्रदान कर रहा है. कार्यक्रम के दौरान भारत के कई नवाचारों और तकनीकी समाधानों को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया गया.

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और फ्रांस के संबंधों को विशेष बताते हुए कहा कि कुछ देशों के बीच रिश्ते केवल व्यापार या रणनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे साझा मूल्यों, साझा सोच और साझा भविष्य के विजन पर आधारित होते हैं. उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस का संबंध भी इसी प्रकार का है, जो वर्षों से लगातार मजबूत होता गया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने पिछले कई वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर काम किया है और वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं. चाहे जलवायु परिवर्तन का मुद्दा हो, नई तकनीकों का विकास हो या फिर वैश्विक शांति और स्थिरता का सवाल, भारत और फ्रांस ने हमेशा एक-दूसरे का सहयोग किया है.

उन्होंने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों देश हमेशा एक-दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़े हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि ‘भारत इनोवेट्स’ जैसी महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत भी फ्रांस की धरती से हो रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच नवाचार और तकनीकी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के युवाओं की भी सराहना की और कहा कि आज का भारतीय युवा केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता की समस्याओं का समाधान खोजने की दिशा में काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि देश के युवा नई सोच, नई ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के साथ दुनिया की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं. ‘भारत इनोवेट्स’ जैसे मंच इन्हीं प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान दिलाने का माध्यम बन रहे हैं.

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में से एक बन चुका है. देश में नवाचार और उद्यमिता का एक नया दौर चल रहा है. हजारों युवा नए विचारों के साथ स्टार्टअप शुरू कर रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव ला रहे हैं. यही वजह है कि भारत आज तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘भारत इनोवेट्स’ का यह मंच भारत की प्रतिभा और यूरोप की पूंजी के बीच एक मजबूत पुल का काम करेगा. इससे भारतीय स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर मिलेगा. साथ ही यह कार्यक्रम भविष्य में नई साझेदारियों और नवाचार आधारित विकास की संभावनाओं को भी मजबूत करेगा.