ब्रिटेन में होगी ताजमहल की नायाब संगमरमर स्लैब की नीलामी, जानिए क्या हो सकती है कीमत

दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल अपनी खूबसूरती और बेमिसाल कारीगरी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. इसकी दीवारों पर बने फूलों के डिजाइन और संगमरमर पर की गई नक्काशी आज भी लोगों को हैरान कर देती है. लेकिन अब ताजमहल से जुड़ी एक ऐसी ही ऐतिहासिक कलाकृति चर्चा में है

ब्रिटेन में होगी ताजमहल की नायाब संगमरमर स्लैब की नीलामी, जानिए क्या हो सकती है कीमत

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल अपनी खूबसूरती और बेमिसाल कारीगरी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. इसकी दीवारों पर बने फूलों के डिजाइन और संगमरमर पर की गई नक्काशी आज भी लोगों को हैरान कर देती है. लेकिन अब ताजमहल से जुड़ी एक ऐसी ही ऐतिहासिक कलाकृति चर्चा में है, जो भारत से निकलकर ब्रिटेन पहुंच गई थी. करीब 200 साल पुरानी इस संगमरमर की पट्टी की अब ब्रिटेन में नीलामी होने जा रही है. खास बात यह है कि इस पर बने फूलों के डिजाइन का संबंध सीधे ताजमहल की सजावट से है.

9 दिसंबर को होगी नीलामी

फूलों की खूबसूरत नक्काशी वाली इस आयताकार संगमरमर की स्लैब को ब्रिटेन के नीलामी घर 'ल्योन एंड टर्नबुल' में पेश किया जाएगा. 9 दिसंबर को होने वाली 'इस्लामिक और भारतीय कला' की नीलामी में इसकी बोली लगाई जाएगी. नीलामी से जुड़े अनुमान के मुताबिक, इस कलाकृति की कीमत 20 हजार से 30 हजार पाउंड के बीच रह सकती है. भारतीय रुपये में यह रकम करीब 24 लाख से 36 लाख रुपये तक होती है.

1816 में अंग्रेज अधिकारी ने हासिल की थी स्लैब

इस संगमरमर की पट्टी का इतिहास करीब दो शताब्दी पुराना है. बताया जाता है कि यह उन दो स्लैब में से एक है, जिन्हें कर्नल पाउनोल फिप्स ने साल 1816 में हासिल किया था. उस समय फिप्स आगरा और आसपास की ऐतिहासिक इमारतों की मरम्मत और देखरेख से जुड़े अधिकारी थे. उनके बेटे के संस्मरणों में जिक्र मिलता है कि ये दोनों स्लैब ताजमहल के एक भूमिगत हिस्से यानी तहखाने में मिली थीं. फिप्स को उस समय लगा था कि इनका इस्तेमाल स्मारक की मरम्मत के काम में किया जाना था.

ताजमहल की देखरेख की मिली थी जिम्मेदारी

कर्नल पाउनोल फिप्स का जन्म 1780 में इंग्लैंड के डेवोन में हुआ था. उनका परिवार लंबे समय से सैन्य सेवाओं से जुड़ा हुआ था. इसी परंपरा के चलते उन्होंने भी 1799 में ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में कैडेट के रूप में अपना करियर शुरू किया. मिस्र में सैन्य अभियान में हिस्सा लेने के बाद वे भारत लौट आए.

भारत में उन्हें ताजमहल समेत कई ऐतिहासिक इमारतों की देखरेख की जिम्मेदारी मिली. नीलामीकर्ताओं के मुताबिक, फिप्स अपने काम को लेकर काफी गंभीर थे. उस दौर में कई यूरोपीय पर्यटक ऐतिहासिक इमारतों से पत्थर और दूसरी चीजें यादगार के तौर पर ले जाने की कोशिश करते थे. फिप्स ऐसे लोगों को रोकने के लिए भी बुलाए जाते थे.

ताजमहल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का किस्सा

फिप्स के बेटे ने अपने संस्मरणों में एक दिलचस्प घटना का जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि एक बार उनके पिता को ताजमहल बुलाया गया था. वहां एक अंग्रेज महिला संगमरमर में जड़े कीमती पत्थरों को स्टील के कांटे से निकालने की कोशिश कर रही थी. पहरेदार के मना करने के बावजूद महिला अपनी जिद पर अड़ी हुई थी. ऐसे मामलों में फिप्स को स्मारक की सुरक्षा के लिए हस्तक्षेप करना पड़ता था.

शाहजहां के मकबरे की नक्काशी से जुड़ा है डिजाइन

इस स्लैब की सबसे खास बात इसकी कलाकारी है. इसके चारों ओर फूलों की बारीक नक्काशी की गई है. बताया जाता है कि इसका डिजाइन ताजमहल के भीतर शाहजहां के समाधि स्थल के ऊपरी हिस्से पर बनी फूलों की नक्काशी से लिया गया है. यह नक्काशी शाहजहां की मृत्यु के बाद 1666 में तैयार की गई थी.

कर्नल फिप्स 1823 में अपने परिवार के साथ ब्रिटेन लौट गए थे. 1858 में उनका निधन हो गया. इसके बाद भी यह संगमरमर की पट्टी उनके परिवार के निजी संग्रह में सुरक्षित रही. अब 200 से अधिक साल बाद इसकी नीलामी होने जा रही है. इस नीलामी के साथ एक बार फिर ताजमहल की ऐतिहासिक कला और उससे जुड़ी पुरानी घटनाएं चर्चा में आ गई हैं.