दक्षिण अफ्रीका: घर में घुसकर तीन हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, गर्भवती महिला समेत 11 की मौत
दक्षिण अफ्रीका के डरबन में हथियारबंद हमलावरों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की. हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं.
दक्षिण अफ्रीका के डरबन में हथियारबंद हमलावरों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की. हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दक्षिण अफ्रीका के डरबन से सामूहिक गोलीबारी की बड़ी खबर सामने आई है. डरबन के दक्षिण में स्थित क्वामाखुथा टाउनशिप के जिको इलाके में एक घर में घुसकर हथियारबंद हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं. दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक, घटना तब हुई जब करीब 14 लोग घर में एक साथ मौजूद थे. पुलिस के अनुसार, कम से कम तीन हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और लोगों पर गोलियां बरसा दीं.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक महिला भी शामिल है, जिसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, 10 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हमले में घायल तीन लोगों का इलाज जारी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने वारदात के बाद पीड़ितों में से एक की कार में भी आग लगा दी. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस की कार्यवाहक राष्ट्रीय आयुक्त लेफ्टिनेंट जनरल पुलेंग डिम्पाने ने आरोपियों की तलाश के लिए 72 घंटे का विशेष ट्रैकिंग ऑपरेशन शुरू करने का निर्देश दिया है. पुलिस ने बताया कि जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और इनके आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल हमले की वजह आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने कहा है कि प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच विवाद की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है. पुलिस ने स्थानीय लोगों से हमलावरों से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी साझा करने की अपील की है.