टीएनपी डेस्क (TNP DESK): ‘डू नॉट ईट’ का यह टैग आपने कई जगह पढ़ा या देखा होगा. साथ ही अक्सर हम यह टैग जूतों के डिब्बे में राखी चोटी सी सफेद पुड़िया पर भी देखते हैं. इतना ही नहीं, अमूमन यह चोटी सी पुड़िया हमारे रोजमर्रा की चीजों के साथ भी नजर आती है. कई बार ऐसा भी होता है कि हम बिना सोचे समझे इसे फेंक देते हैं. दरअसल जूते, बैग, दवाइयों या इलेक्ट्रॉनिक सामान की पैकेजिंग में रखे ये पाउच हमें बेकार लगते हैं, लेकिन असल में ये बेहद काम के होते हैं. खासकर बदलते मौसम और नमी भरे माहौल में ये छोटे पैकेट आपके कई कीमती सामान को खराब होने से बचा सकते हैं. अगर आप भी इन्हें अब तक कचरा समझकर फेंकते आए हैं, तो अब समय है इनके असली इस्तेमाल को समझने का.
दरअसल, ये पैकेट सिलिका जेल से भरे होते हैं, जो एक शक्तिशाली नमी सोखने वाला पदार्थ (डेसिकेंट) है. यह हवा में मौजूद नमी को अपने अंदर खींच लेता है और आसपास की चीजों को सूखा रखने में मदद करता है. यही वजह है कि इसका इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयों और चमड़े के सामान को सुरक्षित रखने के लिए किया जाता है.
घर में ऐसे करें सिलिका जेल का इस्तेमाल
इलेक्ट्रॉनिक सामान को सुरक्षित रखें
मोबाइल, कैमरा या अन्य गैजेट्स को नमी से बचाने के लिए उनके साथ सिलिका जेल का पाउच रख सकते हैं. इससे शॉर्ट सर्किट और जंग लगने का खतरा कम होता है.
जूते और बैग की बदबू दूर करें
रात में जूतों या जिम बैग में सिलिका जेल रखने से नमी खत्म होती है और बदबू भी नहीं आती.
जरूरी कागजात बचाएं
दस्तावेज, किताबें और फोटो नमी से खराब हो सकते हैं. इनके साथ सिलिका जेल रखने से फफूंदी और खराब होने की संभावना कम हो जाती है.
गहनों की चमक बनाए रखें
चांदी और अन्य गहनों को काला पड़ने से बचाने के लिए उन्हें सिलिका जेल के साथ रखें. यह हवा की नमी सोखकर गहनों को सुरक्षित रखता है.
मेकअप और कॉस्मेटिक्स की देखभाल
मेकअप बॉक्स में सिलिका जेल रखने से पाउडर प्रोडक्ट्स खराब नहीं होते और उनकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है.
कपड़ों और औजारों की सुरक्षा
अलमारी या टूलबॉक्स में सिलिका जेल रखने से कपड़े सूखे रहते हैं और धातु के औजारों में जंग नहीं लगती.
इस्तेमाल करते समय रखें सावधानी
इन पैकेट्स पर “Do Not Eat” इसलिए लिखा होता है क्योंकि इन्हें खाने से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है. यह जहरीला नहीं होता, लेकिन बच्चों और पालतू जानवरों के लिए खतरनाक हो सकता है. इसलिए इन्हें हमेशा उनकी पहुंच से दूर रखें. कुल मिलाकर, सिलिका जेल के ये छोटे पैकेट आपके घर के कई काम आसान बना सकते हैं. जरूरत है तो बस इन्हें पहचानने और सही तरीके से इस्तेमाल करने की.
Thenewspost - Jharkhand
4+


