टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड का मौसम इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. कुछ दिन पहले तक जहां लोग भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान थे, वहीं पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया है.बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.हालात ऐसे है कि कई जगहों पर लोग रात में पतली चादर ओढ़कर सोने को मजबूर हो गए है.रोजाना हो रही गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं ने पूरे राज्य के मौसम का मिजाज बदल दिया है.मौसम विभाग की ओर से जो जानकारी सामने आई है, वह झारखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है. विभाग का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम का यही बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है.बीच-बीच में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी.
पढ़े कहां कितनी हुई बारिश
अगर पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश की बात करें, तो सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में 85.2 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा चाईबासा, गुराबांधा, घाटशिला, जामताड़ा और आसपास के इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई. वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका और जामताड़ा समेत कई जिलों में हुई बारिश के कारण मौसम काफी ठंडा हो गया है और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की है.मजदूर दिवस यानी 1 मई को भी राज्य के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है.मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और दुमका समेत कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती है. बारिश की वजह से तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है. हालांकि दिन के समय हल्की गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन पिछले एक सप्ताह की तुलना में लोगों को काफी राहत मिलेगी.
आंधी तूफ़ान के समय में रहे सावधान
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी है.विभाग का कहना है कि गरज और चमक के दौरान लोग खेतों में काम करने या खुले स्थानों पर जाने से बचें. खराब मौसम और वज्रपात की वजह से हादसे होने की आशंका रहती है, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है.मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती है.इसका असर झारखंड के कई जिलों में देखने को मिलेगा. फिलहाल मौसम का बदला हुआ मिजाज लोगों के लिए राहत लेकर आया है और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को कुछ दिनों तक चैन मिलने की उम्मीद है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस की संभावना है.जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहसकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री,जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस,तो वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.वहीं मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री जा सकता है.

