TNP DESK- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कई तरह के समीकरण उलट- पलट रहे हैं. के सी त्यागी और नीतीश कुमार की जोड़ी बिछड़ गई है. . बिहार के कद्दावर नेता शिवानंद तिवारी ने अपने फेसबुक पोस्ट पर कहा है कि---केसी त्यागी और नीतीश कुमार की जोड़ी अब बिछड़ चुकी है. त्यागी जी लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों के सदस्य रहे, और उनकी राजनीतिक यात्रा जयप्रकाश आंदोलन से लेकर चौधरी चरण सिंह और शरद यादव जैसे नेताओं के साथ गहरे जुड़ाव से होकर गुज़री हैं. त्यागी जी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी संवाद की शैली रही हैं. किस्सागोई में माहिर हैं—पुराने दौर की राजनीति के प्रसंगों को इस तरह सुनाते हैं कि सामने वाला मंत्रमुग्ध हो जाए, शेर-ओ-शायरी में भी उनका कोई जवाब नहीं।
संसद के सेंट्रल हॉल में उन्हें कभी अकेले बैठा नहीं देखा गया—हमेशा चार-पाँच लोगों का घेरा, दोस्तपरस्ती उनकी पहचान रही है. दूसरी ओर नीतीश कुमार का अपना अलग मिजाज है. वे ऐसे नेता हैं, जो असहमति सुनना नहीं पसंद करते हैं. उनके विचारों से असहमति रखने वालों के लिए उनके साथ टिके रहना आसान नहीं होता। बावजूद त्यागी जी की जोड़ी नीतीश जी के साथ वर्षों तक जमकर चली. बिहार से राज्यसभा में भी गए. यह उनके कौशल का ही प्रमाण है. अब परिस्थितियाँ बदली हैं, त्यागी जी का कहना है कि उन्होंने नीतीश जी की पार्टी से इस्तीफ़ा नहीं दिया है. बल्कि पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है. कितनी महिनी है त्यागी जी में , अब वे राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए हैं.
इसके पीछे की असल वजह क्या है, यह तो समय ही बताएगा.लेकिन एक मर्तबा त्यागी जी ने नीतीश जी के लिए कहा था--"जैसे हवा को कोई मुट्ठी में बंद नहीं कर सकता, जैसे फूलों की सुगंध को कोई फैलने से नहीं रोक सकता, वैसे ही नीतीश कुमार के सुशासन और उनके विचारों की गूंज को बिहार की सीमाओं में कैद नहीं किया जा सकता।”कसीदाकारी की इंतहा है. इस मामले में केसी का मुक़ाबला कौन कर सकता है. नीतीश जी के साथ त्यागी जी के रिश्ते का राज भी यही है.वे हमारे भी पुराने मित्र हैं—उनके भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ।
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


