'द केरल स्टोरी' ने किया धमाल,कर्नाटक चुनाव में भी फिल्म बनी मुद्दा, मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री, जानिए ताजा रिपोर्ट

    'द केरल स्टोरी' ने किया धमाल,कर्नाटक चुनाव में भी फिल्म बनी मुद्दा, मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री, जानिए ताजा रिपोर्ट

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK) : महज 40 करोड़ रुपए की लागत से बनी फिल्म 'द केरल स्टोरी' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया है. यह फिल्म राजनीति के केंद्र में भी आ गई है. यहां तक की कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी यह एक मुद्दा बन गई है. कमाई की तो बात ही मत करिए, पहले दिन ही उसने जबरदस्त कमाई की है.

    'द केरल स्टोरी' 5 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ ऐसी उमड़ी कि आज इस फिल्म की जबरदस्त चर्चा होने लगी है. अदा शर्मा अभिनीत यह फिल्म वैसे तो टीजर आने के समय से ही विवादों में आ गई थी. इस फिल्म की आलोचना भी हो रही है, वहीं खुलकर लोग इसका समर्थन भी कर रहे हैं.

    केरल की हजारों लड़कियों की रियल स्टोरी

    सुदीप्तो सेन की फिल्म 'द केरल स्टोरी' दक्षिण के राज्य केरल की लड़कियों को धार्मिक झांसे में लेकर ISIS जैसे कुख्यात आतंकी संगठन से जोड़ने की कहानी पर आधारित है. फिल्म में यह बताया गया है. कि यह केरल की हजारों लड़कियों की रियल स्टोरी है. उनके दर्द को इसमें बयां किया गया है. यही वजह है कि यह फिल्म विवादों में आ गई है.

    पहले दिन ही इस फिल्म ने 8 करोड़ से अधिक की ओपनिंग की

    द केरल स्टोरी' में अदा शर्मा ने जबरदस्त काम किया है. फिल्म की शुरुआत ही धमाकेदार होती है. लोगों ने इस फिल्म को हाथों-हाथ लिया है. शुक्रवार यानी पहले दिन ही इस फिल्म ने 8 करोड़ से अधिक की ओपनिंग की है. इस फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह हैं जिन्होंने 'नमस्ते लंदन' जैसी फिल्म को डायरेक्ट किया है और 'हॉलिडे,'फोर्स', 'कमांडो' जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया है.

    अब जानिए इस फिल्म में राजनीति कहां से आ गई

    कर्नाटक विधानसभा का चुनाव प्रचार चल रहा है. यह अपने अंतिम चरण में है. 'द केरल स्टोरी' के रिलीज होने के बाद से कांग्रेस के विरोध को भाजपा ने इस चुनाव में मुद्दा बनाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस फिल्म की चर्चा अपने चुनावी भाषण में की. कांग्रेस के विरोध को भाजपा यहां भुना रही है. केरल में लड़कियों के साथ अत्याचार पर बनी इस फिल्म को भाजपा केरल की हकीकत बता रही है.

    मध्य प्रदेश सरकार ने इस फिल्म को टैक्स फ्री किया

    मध्य प्रदेश सरकार ने इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि यह फिल्म लड़कियों पर हो रहे जुल्म को दर्शाती है जिसे सभी को देखना चाहिए. भाजपा नेताओं का जत्था 'द केरल स्टोरी' देखने के लिए सिनेमाघरों में बारी-बारी से पूरे देश में जा रहा है. झारखंड में भी यह फिल्म अच्छा रिस्पांस दे रही है. सिनेमाघरों में लोग देखने के लिए जा रहे हैं.



    Related News