पांच जिलों का आंतक सुल्तान चढ़ा पुलिस के हत्थे, 2 लाख का था इनामी, 51 मामले में चल रहा था फरार

    पांच जिलों का आंतक सुल्तान चढ़ा पुलिस के हत्थे, 2 लाख का था इनामी, 51 मामले में चल रहा था फरार

    रांची (RANCHI): रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. दो लाख का इनामी व 51 मामले में फरार चल रहे पीएलएफआई का जोनल कमांडर कृष्णा यादव उर्फ सुल्तान जी को लोहरदगा से गिरफ्तार कर लिया है. एसएसपी चंदन सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में  जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की टीम ने लोहरदगा पुलिस की मदद से गुप्त सूचना के आधार पर कृष्णा यादव नाइक सुल्तान को कुडू के धोबीघाट से गिरफ्तार किया. कृष्णा यादव के खिलाफ रामगढ़, लातेहार, चतरा, रांची और लोहरदगा जिले के विभिन्न थानों में कुल 51 मामले दर्ज हैं. पुलिस ने उसके निशानदेही पर नकटा पर्वत क्षेत्र के अंबाटांड जंगल में स्थित क्षतिग्रस्त मकान में स्थित बैग में छुपे हुए एक कार्बाइन, 6 राउंड गोलियां और एक कंबल बरामद किया है.

    ठेकेदारों से रंगदारी के तौर पर मांगता था मोटी रकम

    कृष्णा यादव जमीन कारोबारी, कोयला कारोबारी, क्रशर कारोबारी, ईंट भट्ठा मालिक और विकास कार्य में लगे ठेकेदारों से रंगदारी के तौर पर मोटी रकम मांगता था. पैसे नहीं मिलने पर वह अपने साथियों के साथ आगजनी, तोड़फोड़ और गोलीबारी करता था. यहां तक ​​कि उसने हत्याएं भी कीं. कृष्णा यादव रांची, लोहरदगा, रामगढ़, लातेहार, खूंटी समेत कई जिलों में घटनाओं को अंजाम देता था.

    लातेहार के बालूमाथ थाने से हुआ था फरार

    इससे पहले वर्ष 2021 में रांची पुलिस ने कृष्णा यादव को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद लातेहार पुलिस ने उसे एक मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था और बालूमाथ थाने के लॉकअप में रखा था. 23 मार्च 2021 की सुबह वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. लेकिन वह पुलिस की पकड़ से दूर था और एक के बाद एक हत्या, गोलीबारी और आगजनी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहा था.

    पकड़े जाने के बाद भागने की कोशिश की

    पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद कृष्णा यादव को लेकर पुलिस नक्शा पहाड़ इलाके में सर्च अभियान चला रही थी. इस दौरान उसने पुलिस को धक्का दिया और रस्सी से खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश की. इस दौरान वह खाई में गिर गया और घायल हो गया. जिसके बाद पुलिस ने उसे फिर से पकड़ लिया और इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया. जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है.

    छापेमारी टीम में खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी, खलारी थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह, मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी गोविंद कुमार समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news