टीएनपी डेस्क(TNP DESK): दुनिया में पति-पत्नी का रिश्ता सबसे खास माना जाता है माना जाता है कि इस रिश्ते के बीच कोई तीसरा नहीं आ सकता, लेकिन जब इसी रिश्ते में किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री हो जाए तो हालात पूरी तरह बदल जाते हैं. महाराष्ट्र में पति और पत्नी के बीच पत्नी के प्रेमी आने से कुछ ऐसा हुआ जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे..
दरअसल यह मामला यवतमाल जिले का यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की कोशिश की, क्योंकि पति उनके अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना कलम तहसील के पांगड़ी गांव की बताई जा रही है. पीड़ित पति गजानन मोरे ने वडगाँव जंगल पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पत्नी के गांव के ही रहने वाले विष्णु कडू अत्राम के साथ अवैध संबंध थे, जिसकी जानकारी उसे हो गई थी. इसी बात से नाराज होकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.
3 मई की रात करीब 2 बजे जब गजानन मोरे अपने घर में सो रहा था, तभी उसकी पत्नी ने एक खतरनाक योजना के तहत एल्युमिनियम के तार को बिजली के तार से जोड़ दिया और उसे करंट लगाने की कोशिश की. अचानक बिजली का झटका लगते ही वह जाग गया और किसी तरह अपनी जान बचाई. इस हमले में उसके दोनों ऊपरी बांहों पर जलने के निशान आए हैं.
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. वडगांव जंगल पुलिस मौके पर पहुंची और घर से एल्युमिनियम तार और बिजली का कनेक्शन जब्त किया. शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई शुरू की. इसके बाद 8 मई को पुलिस ने आरोपी पत्नी कवड़ी मोरे और उसके कथित प्रेमी विष्णु अत्राम के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. इस पूरे मामले की जांच पुलिस सब-इंस्पेक्टर भाऊराव बोकडे द्वारा की जा रही है. घटना के बाद गांव में भी दहशत और चर्चा का माहौल है, वहीं इस वारदात ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

