TNP DESK:IPL 2026 रियान पराग के लिए काफी ज्यादा विवादित बन चुका है. BCCI ने ड्रेसिंग रूम में उनके वेपिंग से जुड़े वायरल वीडियो के बारे में उनसे सवाल करते हुए जवाब मांगा है. आपको बता दे यह बात 28 अप्रैल की ड्रेसिंग रूम की है जिस दिन पंजाब किंग एस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला था.
वीडियो में पराग को ड्रेसिंग रूम के अंदर वेपिंग करते हुए देखा गया, जिसके बाद फैंस और क्रिकेट जगत में नाराजगी देखने को मिली. दिलचस्प बात यह रही कि उसी मैच में Rajasthan Royals ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 223 रन के लक्ष्य का पीछा चार गेंद बाकी रहते 6 विकेट से जीत लिया था, लेकिन जीत की बजाय चर्चा पराग के व्यवहार पर केंद्रित हो गई.
जानकारी के मुताबिक, पराग ने वेपिंग छिपकर करने की कोशिश की थी, लेकिन कैमरे में कैद हो गए और वीडियो वायरल हो गया. अब इस पूरे मामले पर सभी की नजरें BCCI के फैसले पर टिकी हैं. यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब टीम पहले ही नियम उल्लंघन को लेकर चर्चा में थी. टीम मैनेजर Romi Bhinder को डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के कारण 1 लाख रुपये का जुर्माना और चेतावनी दी जा चुकी है.
आईपीएल के नियमों के अनुसार ड्रेसिंग रूम और डगआउट में किसी भी प्रकार की स्मोकिंग, जिसमें ई-सिगरेट और वेपिंग शामिल है, पूरी तरह प्रतिबंधित है. ऐसे में इस मामले की जांच BCCI और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल द्वारा की जा सकती है.
भारत में भी Prohibition of Electronic Cigarettes Act, 2019 के तहत वेपिंग डिवाइस गैरकानूनी हैं. इस कानून के उल्लंघन पर 60 हजार से 5 लाख रुपये तक का जुर्माना और 6 महीने से 3 साल तक की सजा का प्रावधान है.
वेपिंग को समझें तो इसमें इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट या वेप पेन जैसे बैटरी से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल होता है. इन डिवाइस में मौजूद तरल पदार्थ (ई-लिक्विड) को गर्म कर भाप बनाई जाती है, जिसे व्यक्ति सांस के जरिए अंदर लेता है. इस तरल में आमतौर पर निकोटीन, फ्लेवर और अन्य रसायन होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं.

