टीनपी डेस्क (TNP DESK): शादी के रिश्ते को दुनिया के पवित्र रिश्तों में से एक माना जाता है पर यह मामला न सिर्फ रिश्तों को शर्मसार करता है बल्कि इंसानियत की भी धज्जियां उड़ा दी है. यह कोई कहानी नहीं बल्कि एक महिला की आपबीती है जिसने कई महिलाओं के मन में ससुराल के लिए ‘डर’ पैदा कर दिया है. मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर से जुड़ा है जहां एक महिला डॉक्टर की दर्दनाक कहानी सामने आई है, जिसने शादी, दहेज और घरेलू प्रताड़ना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़िता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जबरन गर्भपात कराने और दूसरी शादी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले में पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता कानपुर के चकेरी क्षेत्र की रहने वाली है. महिला डॉक्टर ने बताया कि उसका रिश्ता एक मैरिज साइट के जरिए संभल निवासी कारोबारी परिवार के युवक से तय हुआ था. 23 मार्च 2022 को दोनों की शादी परिवार की सहमति से हुई. डॉक्टर के मुताबिक, उसके पिता, जो रिटायर्ड सूबेदार मेजर हैं, ने शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे. शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो वहां उसके सारे जेवर और कीमती सामान यह कहकर रख लिए गए कि इलाके में चोरी की घटनाएं होती रहती हैं. पीड़िता का आरोप है कि शादी की पहली रात ही पति ने उसे बताया कि उसका पहले से किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध है और वह उसी के साथ रहना चाहता था, लेकिन परिवार ने दहेज के लालच में उससे शादी कर दी.
महिला का कहना है कि पति और ससुराल वाले लगातार 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे. विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया और मारपीट की गई. पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह जब दो बार गर्भवती हुई, तब उसे खाने में दवा देकर गर्भपात करा दिया गया. तीसरी बार गर्भवती होने पर वह मायके लौट आई और वहीं एक बेटी को जन्म दिया. इसी दौरान उसे पता चला कि उसके पति ने संभल में अपनी प्रेमिका से दूसरी शादी कर ली है. जब उसने इस बारे में सवाल किया तो पति ने कथित तौर पर कहा कि वह “चार शादियां” कर सकता है और अगर उसे ससुराल में रहना है तो दूसरी पत्नी के साथ रहना होगा. साथ ही 10 लाख रुपये लाने की भी शर्त रखी गई.
पीड़िता ने अपने पति के बहनोई पर भी छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है. महिला डॉक्टर का कहना है कि ससुराल पक्ष राजनीतिक प्रभाव वाला है, जिसकी वजह से कार्रवाई में देरी हो रही है. मामले में कानपुर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ 13 धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. एडीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

