दिल्ली जाने से पहले नीतीश का लालू प्रसाद से मिलना, जानिये कौन-कौन से गुर समझे होंगे

    दिल्ली जाने से पहले नीतीश का लालू प्रसाद से मिलना, जानिये कौन-कौन से गुर समझे होंगे

    पटना(PATNA): बिहार के सीएम नीतिश कुमार आजकल पूरे फॉर्म में हैं. उनकी पार्टी का ताजा नारा है- प्रदेश ने देखा, अब देश देखेगा. इसे नारे के बाद उनकी बॉडी लैंग्वेज और बोली-बानी बदल गई है. उन्होंने मानों तय ही कर लिया है कि राष्ट्रीय राजनीति करनी है.  कुछ देर में वो दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे, अब उनकी उड़ान कितनी ऊंची होगी यह तो समय ही बताएगा, लेकिन इससे पहले वो अपने पुराने साथी और गठबंधन के प्रमुख घटक राजद के सुप्रीमो से मिलने जरूर पहुंचे. उनसे क्या-क्या गुर लिये। इसे डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और पूर्व सीएम राबड़ी देवी ही जानें, जो मुलाकात के गवाह बने.

    जनता दरबार की बैठक समाप्त होने के बाद नीतीश सीधे राबड़ी आवास पहुंचे. लालू प्रसाद यादव से मिलकर उनकी सेहत की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि दिल्ली जाने से पहले नीतीश ने कई मामलों पर लालू से बातचीत की. अंदाजा लगाया जा रहा  नीतीश अपने दिल्ली दौरे को लेकर लालू यादव से सलाह मशवरा लेने पहुंचे हैं. उनसे कई राजनीतक गुर लेकर दिल्ली जाना उनकी राष्ट्रीय राजनीति के अनुकूल होगा.

    बताया जा रहा कि सीएम नीतीश कुमार आज अपने 3 बजे अपने तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली रवाना होंगे. यहां वे 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों को गोलबंद करेंगे. साथ ही विपक्ष के नेताओं के साथ 2024 की चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे. इस दौरान सीएम नीतीश कांग्रेस और वामदल समेत कई बड़ी पार्टियों के नेताओं से मुलाकात करेंगे. मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली पहुंचेंगे. आज देर शाम ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से नीतीश कुमार के दिल्ली स्थित सरकारी आवास 6 कामराज लेन पर मुलाकात होगी. इसके अलावा कल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व लेफ्ट के नेताओं से मुलाकात होगी. 7 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं उपराष्ट्रपति जगदीप धनकर से मिलेंगे. वहीं सोनिया गांधी और शरद पवार के दिल्ली से बाहर होने के कारण समय तय नहीं हुआ है.

    बता दें कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद सीएम नीतीश को 2024 के लोकसभा चुनाव में पीएम कैंडिडेट के तौर पर प्रोजेक्ट किया जा रहा है. हालांकि वे कई बार इसका खंडन कर चुके हैं कि उनकी ऐसी कोई इच्छा नहीं है. लेकिन वे ये भी स्पष्ट कह चुके हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे. इसके लिए वे विपक्षी एकता को मजबूत करेंगे. वहीं उनके समर्थक और जदयू द्वारा सीएम नीतीश के पीएम कैंडिडेट को लेकर लगातार माहौल बनाया जा रहा है.



    Related News