LPG गैस कनेक्शन के नियमों में हुआ बड़ा बदलाव,PNG लगवाने पर अब नहीं करना होगा गैस कनेक्शन सरेंडर

    LPG गैस कनेक्शन के नियमों में हुआ बड़ा बदलाव,PNG लगवाने पर अब नहीं करना होगा गैस कनेक्शन सरेंडर

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): केंद्र सरकार ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए एलपीजी नियमों में अहम बदलाव किया है. नए नियम लागू होने के बाद अब घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लेने वाले लोगों को अपना पुराना एलपीजी कनेक्शन तुरंत बंद नहीं कराना पड़ेगा. सरकार ने सोमवार से “लिक्विड पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण) संशोधन आदेश-2026” लागू कर दिया है.

    नए नियम के तहत उपभोक्ताओं को अब ज्यादा सुविधा और विकल्प मिलेगा. पहले PNG कनेक्शन लगवाने के बाद लोगों को अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा जरूरी नहीं होगा. उपभोक्ता चाहें तो PNG कनेक्शन लगने के 30 दिनों के भीतर LPG कनेक्शन बंद कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं, या फिर “ट्रांसफर वाउचर” लेकर भविष्य के लिए अपने कनेक्शन को सुरक्षित रख सकते हैं.

    इस ट्रांसफर वाउचर की मदद से उपभोक्ता बाद में किसी दूसरे शहर या ऐसे इलाके में शिफ्ट होने पर, जहां PNG सुविधा उपलब्ध नहीं है, अपना LPG कनेक्शन दोबारा चालू करा सकेंगे. सरकार का मानना है कि इससे नौकरीपेशा लोगों, किराए के मकानों में रहने वाले परिवारों, छात्रों और बार-बार ट्रांसफर होने वाले कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी.

    दरअसल, अब तक कई लोग PNG लगवाने के बाद LPG कनेक्शन सरेंडर कर देते थे. बाद में दूसरे शहर जाने पर उन्हें नया गैस कनेक्शन लेने के लिए फिर से दस्तावेज, सिक्योरिटी डिपॉजिट और लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था. नए नियम के बाद यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी.

    देश के बड़े शहरों में तेजी से फैल रहे PNG नेटवर्क को देखते हुए सरकार इसे बढ़ावा देना चाहती है. PNG को सिलेंडर गैस की तुलना में ज्यादा सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती माना जाता है. इसमें सिलेंडर खत्म होने या बार-बार बुकिंग कराने की समस्या नहीं रहती और पाइपलाइन के जरिए लगातार गैस सप्लाई मिलती रहती है.

    हालांकि सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि PNG सुविधा वाले क्षेत्रों में घरेलू उपयोग के लिए दोनों ईंधनों का नियमित दोहरा इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. यानी PNG लगने के बाद उपभोक्ता सामान्य रूप से LPG रीफिल नहीं ले पाएंगे. सरकार का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में PNG के उपयोग को बढ़ावा देना, गैस वितरण व्यवस्था को सरल बनाना और उपभोक्ताओं को भविष्य के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है.



    Related News