नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने नीतीश सरकार पर बोला हमला, वर्तमान सरकार को लूट की सरकार बताया


बेगूसराय(BEGUSARAI): बिहार नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बेगूसराय का दौरा किया और आपराधिक घटनाओं की वृद्धि पर आक्रोश व्यक्त किया. विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान महागठबंधन की सरकार लूट की सरकार है. बेमेल गठबंधन और जनादेश के अपमान ने बिहार में अराजकता का माहौल व्याप्त कर दिया है. नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने विगत दिनों अपराधी की गोली का शिकार हुए रिटायर्ड फौजी विजय सिंह के परिवार से मुलाक़ात कर सांत्वना व्यक्त किया और बेगूसराय जिला प्रशासन से एक सप्ताह के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की. जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में जनभागीदारी से आंदोलन के आगाज की बात भी उन्होंने कही.
वर्तमान सरकार को बताया निकम्मा
बेगूसराय सर्किट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान की बिहार सरकार निकम्मी और भ्रष्ट हैं. पिछड़ा, अतिपिछड़ा के हक की हकमारी कर नगर निकाय कुंडली मारकर बैठी हुई है, जिससे लूट-खसोट का वातावरण बना रहे, उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का पालन कर जल्द निकाय चुनाव संपन्न कराना चाहिए. ललन सिंह के बयान के आलोक में विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ललन सिंह फ्रस्ट्रेशन की स्थिति में चले गए हैं और अनाप-शनाप बयान देते फिर रहे हैं. वहीं उन्होंने बिहार में भी योगी स्टाइल में अपराधियों पर लगाम लगाने की बात कही और कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में अपराधियों की संपत्ति जप्त की जा रही है और उनके घर को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है, बिहार में भी ऐसा ही माहौल बनाना होगा, तब अपराधियों पर लगाम लगेगा. लेकिन, वर्तमान सरकार अपराधियों को संरक्षण देने वाले लोग हैं, उनसे यह संभव नहीं है.
4+