झारखंड का Tarzan The Wonder Car! मारुति 800 से युवक ने बना दी लैंबॉर्गिनी एवेंटाडोर, सड़क पर निकलते ही रुक जाती हैं नज़रें


सरायकेला (SARAIKELA): झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में एक छोटे से गैरेज से निकला बड़ा कमाल इन दिनों चर्चा में है. दो नंबर रेलवे फाटक के पास स्थित “टार्जन गैरेज” में कार मैकेनिक मो. आरिफ ने साधारण Maruti 800 को ऐसा रूप दिया है कि पहली नजर में वह किसी सुपरकार से कम नहीं लगती. उन्होंने अपनी कार को मशहूर स्पोर्ट्स कार Lamborghini Aventador जैसा लुक देकर लोगों को हैरान कर दिया है.
करीब दो वर्षों की लगातार मेहनत और लगभग चार लाख रुपये की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट ने स्थानीय स्तर पर खास पहचान बना ली है. आरिफ पेशे से मैकेनिक हैं और पिछले दस वर्षों से ऑटोमोबाइल लाइन में काम कर रहे हैं. बचपन में देखी फिल्म Tarzan: The Wonder Car से प्रेरित होकर उनके मन में अपनी ‘ड्रीम कार’ बनाने की चाह जगी थी. इसी जुनून में उन्होंने अपना उपनाम ही ‘टार्जन’ रख लिया.
आरिफ ने बताया कि कार की डिजाइनिंग, बॉडी कटिंग, वेल्डिंग और फिनिशिंग तक का अधिकांश काम उन्होंने खुद किया. केवल म्यूजिक सिस्टम, एलईडी लाइट्स और फ्रंट ग्लास जैसी कुछ चीजें बाहर से मंगाई गईं. कार को दो-सीटर स्पोर्टी लुक दिया गया है, साथ ही 16 इंच के चौड़े एलॉय व्हील्स लगाए गए हैं ताकि ग्रिप मजबूत रहे. स्टार्ट होते ही इसका एग्जॉस्ट सुपरकार जैसी आवाज पैदा करता है.
सनरूफ, रिमोट लॉकिंग और हाई-फाई म्यूजिक सिस्टम जैसी सुविधाएं भी इसमें जोड़ी गई हैं. जब यह कार सड़क पर निकलती है तो लोग रुककर तस्वीरें लेने लगते हैं. सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे चांडिल के ‘टार्जन’ की मेहनत अब दूर-दूर तक सराही जा रही है.
4+