गोपालगंज उपचुनाव :1400 अर्द्धसैनिक बलों को किया गया तैनात, सभी को दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश 

    गोपालगंज उपचुनाव :1400 अर्द्धसैनिक बलों को किया गया तैनात, सभी को दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश 

    गोपालगंज (GOPALGANJ) : गोपालगंज में विधानसभा उप चुनाव को लेकर 1400 अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है. प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है. गोपालगंज के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने कहा कि मतदान के दिन यदि इवीएम मशीन से कोई छेड़छाड़ या नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है तो पहले पूछताछ की जायेगी और चेतावनी दी जायेगी. फिर भी कोई नहीं मानता है तो फायरिंग की जायेगी.

    मतदाताओं से अपील, निर्भीक होकर अपने मतदान का करें प्रयोग  

    उन्होंने कहा कि मतदान की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गयी है. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रहेगी. माइक्रो ऑब्जर्वर के साथ अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है. इसके अतिरिक्त सेक्टर और जोनल व सुपर जोनल पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है. वहीं क्सूआरटी टीम के अलावा नौ ड्रोन से निगरानी रखी जायेगी. डीएम ने कहा कि 42 जोन और 20 सुपर जोन बनाये गये हैं. पांच एक्स्ट्रा सुपर जोन भी बनाये गये हैं. उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि निर्भीक होकर अपने मतदान का प्रयोग करें और लोकतंत्र का महापर्व मनाएं.

    उप चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए 15 लोगों को जिला बदर और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया 

    वहीं गोपालगंज विधानसभा उप चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए 15 लोगों को जिला बदर किया गया है और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गोपालगंज के एसपी आनंद कुमार ने कहा कि मतदान को लेकर सात लेयर में सुरक्षा रहेगी. कुल 16 केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की कंपनियां और दो सैप की कंपनियां लगाई गयी है. लगभग 700 पुलिसकर्मी और 110 पुलिस पदाधिकारी दूसरे जिलों से बुलाये गये हैं, जिनको मतदान केंद्रों पर सुरक्षा में तैनात किया गया है.

    24 घुड़सवार दस्ता की टीम बुलाई गयी

    एसपी ने बताया कि मतदान को दियारा इलाके में भी शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उदेश्य से 24 घुड़सवार दस्ता की टीम बुलाई गयी है. जिन इलाकों में पुलिस की गाड़ियां नहीं पहुंच पायेगी, वहां पर घुड़सवार दल की दस्ता जाकर गश्ती करेगी. वहीं गंडक नदी में वार नाव की पुलिस टीम निगरानी रखेगी. वहीं यूपी-बिहार के नाके को सील कर दिया गया है. बीएमपी के जवानों को वहां तैनात किया गया है. यूपी के देवरिया और कुशीनगर के बॉर्डर को सील किया गया है. वहीं छपरा, मोतिहारी, बेतिया, सीवान से सटे इलाकों को भी बास-बल्ला लगाकर सील कर दिया गया है, ताकि असामाजिक तत्वों का प्रवेश नहीं हो सके.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news