कोसी और सीमांचल रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब कम समय में पहुंचेगी दिल्ली, रेलवे ने बदला इन स्पेशल ट्रेनों का समय

    कोसी और सीमांचल  रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब कम समय में पहुंचेगी दिल्ली, रेलवे ने बदला इन स्पेशल ट्रेनों का समय

    टीनपी डेस्क (TNP DESK): पूर्व मध्य रेलवे ने कोसी और सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों को एक बड़ी खुशखबरी है. पूर्णिया कोर्ट और सहरसा से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की समय सारणी में बड़ा संशोधन किया गया है. इस बदलाव के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलने वाली है जबकि पहले की तुलना में काफी कम समय में अपनी मंजिल तक पहुँच सकेंगे.

    पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल: अब 2.5 घंटे की बचत

    रेलवे द्वारा जारी नई समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल के यात्रा समय में 2 घंटे 30 मिनट की भारी कटौती की गई है. अब यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को पूर्णिया कोर्ट से अपने पुराने समय (शाम 4:30 बजे) के बजाय शाम 7:00 बजे प्रस्थान करेगी.

    यह ट्रेन बनमनखी, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, निर्मली, झंझारपुर और रक्सौल होते हुए तीसरे दिन रात 1:05 बजे आनंद विहार पहुँचेगी. जो सफर पहले 32 घंटे 30 मिनट में पूरा होता था, वह अब मात्र 30 घंटे में संपन्न हो जाएगा. वापसी में, गाड़ी संख्या 05580 आनंद विहार से सुबह 5:15 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 11:30 बजे ही पूर्णिया कोर्ट पहुँच जाएगी.

    सहरसा-आनंद विहार स्पेशल: एक घंटा पहले दिल्ली पहुँचने की सुविधा

    सहरसा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए भी राहत भरी खबर है. गाड़ी संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल अब अपने निर्धारित समय से एक घंटा पहले दिल्ली पहुँचेगी. 19 मई 2026 से यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को सहरसा से रात 9:00 बजे के बजाय रात 8:00 बजे खुलेगी और 28 घंटे का सफर तय कर तीसरे दिन रात 1:05 बजे आनंद विहार पहुँच जाएगी.

    वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल 21 मई से प्रत्येक गुरुवार को सुबह 5:15 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 9:05 बजे सहरसा पहुँच जाएगी, जिससे यात्रियों को लगभग एक घंटे का सीधा समय लाभ मिलेगा.

    इन जिलों के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

    मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र के अनुसार, इस संशोधित समय सारणी से बिहार के कई जिलों के यात्रियों को लाभ होगा.  इसमें मुख्य रूप से सुपौल और सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया, निर्मली, झंझारपुर और सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा शामिल हैं

    प्रवासी मजदूरों और छात्रों को बड़ी राहत

    रेलवे के इस फैसले का सबसे अधिक लाभ दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले प्रवासी मजदूरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगा. यात्रा समय कम होने से न केवल थकान कम होगी, बल्कि लोगों का कीमती समय भी बचेगा. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परिचालन संबंधी सुधारों और यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए यह महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है.



    Related News