टीएनपी डेस्क (TNP DESK): देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. ऐसे में बात करें 7 मार्च के दामों की तो आज बाजार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए करीब 1,59,080 रुपये दर्ज की गई है. वहीं अगर रांची के सर्राफा बाजार की बात करें तो यहां 22 कैरेट सोने की कीमत लगभग 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई है. यह आंकड़े बैंक बाजार के आधार पर बताए जा रहे हैं.
चांदी की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है. वर्तमान में चांदी का भाव लगभग 2,90,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. कीमती धातुओं की इन ऊंची कीमतों का असर सीधे तौर पर आम लोगों और निवेशकों दोनों पर पड़ रहा है. खासकर शादी-ब्याह के सीजन में गहने खरीदने की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी चिंता का विषय बन गई है.
दरअसल, वैश्विक परिस्थितियों का भी सोने-चांदी के दामों पर असर पड़ रहा है. ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता बढ़ गई है. ऐसे हालात में निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की ओर रुख करते हैं. यही वजह है कि वैश्विक बाजार में सोने की मांग बढ़ रही है और इसका सीधा असर भारत के बाजार पर भी पड़ रहा है.
सर्राफा बाजार के कारोबारियों का कहना है कि कीमतों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण कई लोग फिलहाल गहनों की खरीदारी टाल रहे हैं. बहुत से ग्राहक यह उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में कीमतों में कुछ नरमी देखने को मिल सकती है. हालांकि बाजार के जानकारों का मानना है कि फिलहाल सोने-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट की संभावना कम है.
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग बढ़ने, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और ईरान-इजरायल तनाव के साथ-साथ भारतीय रुपये की डॉलर के मुकाबले कमजोरी भी कीमतों में तेजी का बड़ा कारण है. जब रुपया कमजोर होता है तो आयातित वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाती हैं और इसका असर सीधे सोने-चांदी के बाजार पर पड़ता है.
यदि आप भी सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बाजार के ताजा रेट पर नजर बनाए रखें. कीमती धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव तेजी से होता है और कभी-कभी एक ही दिन में रेट बदल जाते हैं. ऐसे में खरीदारी से पहले स्थानीय बाजार का भाव जरूर जान लेना बेहतर माना जाता है. फिलहाल रांची में 22 कैरेट सोना 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2,84,900 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है, जिससे साफ है कि कीमती धातुओं का बाजार इस समय ऊंचे स्तर पर बना हुआ है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


