मोकामा में खुलेआम घूमते नजर आए पूर्व मंत्री कार्तिकेय कुमार, पुलिस कर रही तलाश


मोकामा(MOKAMA): बिहार के पूर्व कानून मंत्री कार्तिकेय कुमार कानून की नज़रों से फरार हैं. पिछले दिनों उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था, तभी से ही पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. लेकिन, कार्तिकेय कुमार पुलिस के हाथ नहीं लग रहे हैं. मगर, कार्तिकेय कुमार की एक तस्वीर सामने आई है, जिससे पता चलता है कि हकीकत कुछ और ही है.
दशहरे के दिन की तस्वीर हुई वायरल
पूर्व मंत्री कार्तिकेय कुमार दशहरे के दिन मोकामा में घूमते पाए गए हैं. इस दिन की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसके बाद प्रशासन पर बड़ा सवाल उठने लगा है. दशमी के दिन कार्तिकेय सिंह मोकामा में घूम रहे थे. दरअसल, कार्तिकेय कुमार पूर्व विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के साथ उनके काफिले में शामिल थे. बताया जा रहा है कि वे मंदिर में दर्शन करने गए थे.
पुलिस पर बड़ा सवाल
हैरानी की बात तो ये है कि कार्तिकेय कुमार खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन मोकामा थाना की पुलिस और पटना पुलिस का कहना है कि हम लगातार छापेमारी कर रहे हैं, लेकिन कार्तिकेय कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है. फिलहाल, पूर्व मंत्री की ये तस्वीर तेज़ी से वायरल हो रही है और इससे पुलिस प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं.
4+