स्विस एयर के जहाज में लगी आग, दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, पैसेंजर अस्पताल में भर्ती

    स्विस एयर के जहाज में लगी आग, दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, पैसेंजर अस्पताल में भर्ती

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से एक गंभीर विमान हादसे की खबर सामने आई है, जहां समय रहते सतर्कता बरतने से बड़ा नुकसान टल गया. SWISS International Air Lines की दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट LX 147 में तकनीकी खराबी के कारण इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई. इस घटना में छह यात्रियों के घायल होने की जानकारी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    मिली जानकारी के अनुसार, Airbus A330 विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी तड़के करीब 1 बजे उसके एक इंजन में खराबी आ गई. स्थिति गंभीर होते देख पायलट और क्रू ने तुरंत उड़ान रद्द करने का फैसला लिया. एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई.

    यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया. इस दौरान कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं, जिनमें छह यात्रियों को मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. बाकी सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बताए जा रहे हैं. जिन यात्रियों को स्लाइड से उतरने में दिक्कत हुई, उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई.

    एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा है कि घटना की पूरी जांच के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है. विमान में कुल 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि उड़ान से ठीक पहले इंजन में तकनीकी गड़बड़ी आई, जिसके चलते यह स्थिति बनी.

    गौरतलब है कि हाल ही में इसी एयरपोर्ट पर दो विमानों के विंग टकराने की घटना भी सामने आई थी, जिससे एयर सेफ्टी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं.



    Related News