टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कलयुगी रिश्तों में हैवानियत कब किसके सर चढ़ जाए, यह कोई नहीं जानता. ऐसे में पति-पत्नी के रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना ने सचमुच हैवानियत की सारी हद पार कर दी है. यहाँ सनकी पति ने पागलपान में आकार अपनी ही पत्नी के प्राइवेट पार्ट में तेज़ाब डाल दिया. इसके पीछे का कारण था बेटे की चाह. युवक की पहले से दो बेटियाँ थी लेकिन वह बेटे की चाह रखता था और इसी तमन्ना में उसने अपनी पत्नी का ऐसा हाल किया की हर कोई सतबद्ध है.
मामला महाराष्ट्र के पुणे जिले का है जहां से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. उरुली कांचन इलाके में एक पति पर अपनी पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर एसिड डालने का गंभीर आरोप लगा है. इस हमले में 24 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज फिलहाल पुणे के ससून जनरल अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर शक करता था और अक्सर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था. महिला का आरोप है कि दो बेटियों के जन्म के बाद पति उसे बेटा पैदा न करने को लेकर लगातार ताने देता था और मारपीट करता था.
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था. घर आते ही उसने पत्नी पर अवैध संबंध रखने का आरोप लगाते हुए झगड़ा शुरू कर दिया. आरोप है कि इसके बाद उसने महिला की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसके प्राइवेट पार्ट पर एसिड डाल दिया. अचानक हुए इस हमले से महिला दर्द से चीखने लगी और मदद के लिए घर से बाहर भागने की कोशिश करने लगी. पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे बाहर जाने से रोकने के लिए घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और लगातार धमकाता रहा. महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में रहने वाले एक रिश्तेदार को शक हुआ, जिसके बाद परिवार के अन्य लोगों को घटना की जानकारी मिली.
महिला का आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार देगा. इतना ही नहीं, एसिड अटैक के बाद उसे अस्पताल भी नहीं ले जाया गया. पीड़िता के मुताबिक करीब 15 दिनों तक उसे घर के अंदर बंद रखा गया और किसी से मिलने तक नहीं दिया गया. महिला ने बताया कि जब आरोपी काम पर गया, तब उसे भागने का मौका मिला. वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर किसी तरह घर से निकली और सीधे मायके पहुंच गई. वहां उसने परिवार वालों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे.
उरुली कांचन पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. मामले की जांच कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वांगडे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

