टीएनपी डेस्क(TNP DESK):सनातन धर्म में शुक्रवार का दिन धन, वैभव और सुख-समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्य जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आर्थिक खुशहाली लेकर आते हैं. वहीं कुछ गलतियां ऐसी भी होती हैं, जिनसे मां लक्ष्मी नाराज हो सकती हैं. इसलिए शुक्रवार के दिन कुछ खास नियमों का पालन करना बेहद जरूरी माना गया है.
सुबह घर की साफ-सफाई जरूर करनी चाहिए
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्रवार की सुबह घर की साफ-सफाई जरूर करनी चाहिए. खासकर घर के मुख्य द्वार और पूजा स्थल को स्वच्छ रखना शुभ माना जाता है. कहते हैं कि जहां साफ-सफाई होती है, वहां मां लक्ष्मी का वास होता है. इस दिन सफेद या गुलाबी रंग के वस्त्र पहनना भी शुभ माना गया है. वहीं मां लक्ष्मी को कमल का फूल, खीर और सफेद मिठाई अर्पित करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है.
गरीबों और जरूरतमंदों को दान देना भी बेहद शुभ
शुक्रवार के दिन गरीबों और जरूरतमंदों को दान देना भी बेहद शुभ माना गया है. खासकर सुहाग की सामग्री, चावल, दूध या सफेद वस्तुओं का दान करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है. इसके अलावा शाम के समय घर में घी का दीपक जलाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
झगड़ा, अपशब्द या किसी महिला का अपमान करना अशुभ
वास्तु और ज्योतिष के अनुसार शुक्रवार को कुछ कामों से बचना चाहिए. इस दिन घर में झगड़ा, अपशब्द या किसी महिला का अपमान करना अशुभ माना जाता है. इसके अलावा शाम के समय पैसे उधार देना या घर की साफ-सफाई के बाद कचरा बाहर फेंकना भी अच्छा नहीं माना जाता. मान्यता है कि इससे आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं.अगर आप चाहते हैं कि मां लक्ष्मी की कृपा हमेशा आपके घर पर बनी रहे, तो शुक्रवार के दिन इन छोटी-छोटी बातों का विशेष ध्यान जरूर रखें.

