सीएम हेमंत लेकर आए एक और योजना, फूलो झानो माँ सम्मान योजना के तहत मिलेगी 2500 रुपये की राशि

    सीएम हेमंत लेकर आए एक और योजना, फूलो झानो माँ सम्मान योजना के तहत मिलेगी 2500 रुपये की राशि

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में चल रही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत हर माह महिलाओं को 2,500 रुपये की राशि भेजी जा रही है. यह राशि मंईयांओं के खाते में हर माह सम्मान राशि के रूप में भेजी जाती है जिससे राज्य की महिलायें न सिर्फ सशक्त बल्कि आत्मनिर्भर भी बन रही हैं. 

    ऐसे में इसी तरह की योजना की शुरुआत असम में भी हो सकती है, जिसकी घोषणा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कि है. दरअसल असम चुनाव के मद्देनजर बीते दिनों जिले में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में लोगों को संबोधित करते हुए कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार को समर्थन मिलता है, तो राज्य की महिलाओं को फूलो-झानो मां सम्मान योजना के तहत हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे. इसके साथ ही छात्रों के लिए आधुनिक हॉस्टल सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी वादा किया.

    सभा के दौरान उन्होंने चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों और आदिवासी समाज से एकजुट होने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिस दिन ये लोग एकमत होकर निर्णय ले लेंगे, उस दिन से असम की सरकार उनके हित में काम करने को मजबूर हो जाएगी.

    मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सभा के लिए अनुमति लेने में हफ्तों लग जाते हैं, जबकि भाजपा को कुछ ही मिनटों में अनुमति मिल जाती है. उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि अगर अभी संघर्ष नहीं किया गया, तो भविष्य में लड़ने की ताकत कमजोर पड़ जाएगी. सीएम सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि इस क्षेत्र के लोग सदियों से संघर्ष करते आए हैं और यही इतिहास उन्हें आगे बढ़ने और झुकने नहीं देने की ताकत देता है.



    Related News