टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता योगेंद्र साव तथा उनकी पत्नी और पूर्व विधायक निर्मला देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर हिरासत में लिया है. गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है. जानकारी के अनुसार, दोनों को आज यानि कि 19 फरवरी दोपहर लगभग तीन बजे हिरासत में लिया गया.
पुलिस के अनुसार, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव पर बड़कागांव, केरेडारी और पगार थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज थे. वहीं, वे 31 दिसंबर 2025 से एनटीपीसी के चट्टी बरियातू कोल माइंस के विरोध में धरने पर बैठे थे, अपनी मांगों को लेकर. पुलिस ने धरना स्थल से ही उन्हें गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले पूर्व मंत्री योगेंद्र साव दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने अपनी बेटी और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी. दिल्ली से लौटकर वे चट्टी बरियातू स्थित धरना स्थल पर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन ने राजनीतिक परिस्थितियों पर नजर रखी है. गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई और विरोधियों तथा समर्थकों में चर्चा का दौर शुरू हो गया.
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब दोनों नेता अदाणी और एनटीपीसी के कोल प्रोजेक्ट के विरोध में लगातार धरनों और प्रदर्शन में शामिल थे. प्रशासन ने बताया कि धरना स्थल पर उपस्थित लोगों को शांत रहने और कानून का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. इस गिरफ्तारी के राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
Thenewspost - Jharkhand
4+

