टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों पर एक और महंगाई का झटका लगा है. मदर डेयरी और अमूल के बाद अब मेधा डेयरी ने भी अपने विभिन्न उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें शनिवार से लागू होंगी. दूध के साथ-साथ दही और पनीर की कीमतें भी बढ़ाई गई हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.
नई कीमतों के अनुसार, एक लीटर डबल टोंड दूध अब 50 रुपये की जगह 52 रुपये में मिलेगा, जबकि आधा लीटर पैक 25 रुपये से बढ़कर 26 रुपये हो गया है. छह लीटर टोंड मिल्क पैक की कीमत 312 रुपये से बढ़ाकर 324 रुपये कर दी गई है. वहीं एक लीटर टोंड दूध अब 54 रुपये की बजाय 56 रुपये और आधा लीटर पैक 27 रुपये के बजाय 28 रुपये में मिलेगा.
काउ मिल्क और शक्ति दूध की कीमतों में भी इजाफा किया गया है. आधा लीटर काउ मिल्क अब 28 रुपये की जगह 29 रुपये में मिलेगा. वहीं एक लीटर शक्ति दूध और शक्ति स्पेशल दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये कर दी गई है. इनके आधा लीटर पैक में भी एक रुपये की बढ़ोतरी हुई है. फुल क्रीम गोल्ड दूध खरीदने वाले ग्राहकों को भी अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. छह लीटर गोल्ड दूध की कीमत 378 रुपये से बढ़कर 396 रुपये हो गई है, जबकि आधा लीटर पैक 33 रुपये की जगह 34 रुपये में मिलेगा.
दूध के अलावा पनीर की कीमतों में भी बड़ा बदलाव किया गया है. एक किलो ब्लॉक पनीर अब 400 रुपये की बजाय 420 रुपये में मिलेगा. 500 ग्राम पनीर 205 रुपये से बढ़कर 215 रुपये और 200 ग्राम पनीर 85 रुपये से बढ़कर 90 रुपये का हो गया है. दही की कीमतों में भी वृद्धि की गई है. 200 ग्राम पाउच दही अब 18 रुपये के बजाय 20 रुपये में मिलेगा. 400 ग्राम दही 34 रुपये से बढ़कर 35 रुपये और एक किलो पाउच दही 72 रुपये से बढ़कर 75 रुपये का हो गया है. लगातार बढ़ती महंगाई के बीच डेयरी उत्पादों की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.

