भाजपा ने प्रखंड मुख्यालय पर किया आक्रोश प्रदर्शन, मंत्री संजय यादव ने कसा तंज

    भाजपा ने प्रखंड मुख्यालय पर किया आक्रोश प्रदर्शन, मंत्री संजय यादव ने कसा तंज

    दुमका (DUMKA) : पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुरूप भाजपा ने सदर प्रखंड सहित तमाम प्रखंड मुख्यालयों पर आक्रोश प्रदर्शन किया. आक्रोश प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. सदर प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी के रूप में पूर्व सांसद सुनील सोरेन एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमिता रक्षित ने भाग लिया.

    हेमंत सरकार का शासनकाल घोटाला, लूट, तुष्टिकरण और अराजकता का पर्याय है : सुनील सोरेन

    अपने संबोधन में पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि हेमंत सरकार का शासनकाल घोटाला, लूट, तुष्टिकरण और अराजकता का पर्याय बन गया है. यहां युवाओं को नौकरी नहीं मिल रहा, किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है. सरकार आदिवासियों को सम्मान और महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही है. यह सरकार हर मोर्चे परh विफल है. उन्होंने कहा कि भाजपा अब चुप नहीं बैठेगी, अब हर गली, हर गांव से यह आवाज उठेगी कि हेमंत सरकार हटाओ, झारखंड बचाओ.

    प्रतिनिधिमंडल ने DC के नाम BDO को सौंपा ज्ञापन

    प्रदर्शन के उपरांत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दुमका उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा, जिसमें राज्य सरकार की विफलताओं, जनसमस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई.

    BJP वालों को झारखंडी का काम पसंद नहीं, उन्हें गुजराती का काम पसंद है : मंत्री संजय प्रसाद यादव

    वहीं भाजपा के आक्रोश प्रदर्शन पर श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने तंज कसा है. परिसदन में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी वालों को झारखंडियों का काम पसंद नहीं है, बल्कि उन्हें गुजरातियों का काम पसंद है. ऐसी स्थिति में बीजेपी वालों का आक्रोश स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बेहतर कार्य कर रही है. सरकार के कार्य से जनता खुश है.

    रिपोर्ट-पंचम झा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news