टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए दो प्रोबेशनल डीएसपी के तबादला आदेश में संशोधन किया है. डीजीपी के निर्देश के बाद आईजी मानवाधिकार की ओर से जारी नए आदेश में पहले की पदस्थापन अधिसूचना को रद्द कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. यह फैसला खासतौर पर रांची और जामताड़ा में बढ़ते साइबर अपराध पर नियंत्रण को ध्यान में रखकर लिया गया है.
जारी आदेश के अनुसार डीएसपी प्रदीप कुमार-2 को पहले अधिसूचना संख्या 2096 के तहत साइबर डीएसपी, रांची बनाया गया था. अब उनके पुराने पदस्थापन को निरस्त करते हुए उन्हें अगले आदेश तक डीएसपी JAP-10 होटवार, रांची के पद पर तैनात किया गया है.
वहीं डीएसपी अमित रविदास को पहले साइबर डीएसपी, जामताड़ा के रूप में पोस्टिंग मिली थी. नए आदेश में उनका भी पूर्व ट्रांसफर आदेश रद्द कर दिया गया है. अब उन्हें अगले आदेश तक डीएसपी IRB-01, जामताड़ा में पदस्थापित किया गया है. साथ ही उन्हें विशेष रूप से जामताड़ा जिले में साइबर अपराध नियंत्रण के कार्य में लगाया गया है. सरकार के इस फैसले को साइबर अपराध पर सख्ती और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

