रांची (RANCHI): राजधानी रांची में रिम्स से जुड़ी जमीन अतिक्रमण मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ा एक्शन लिया है. मंगलवार को एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए जमीन की अवैध खरीद-बिक्री में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों में कार्तिक बढाईक, राज किशोर बढाईक, चेतन कुमार और राजेश कुमार झा शामिल हैं.
जांच के दौरान सामने आया कि ये सभी आरोपी फर्जी दस्तावेजों और पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए जमीन के लेन-देन में गड़बड़ी कर रहे थे. एसीबी को लंबे समय से इस पूरे मामले में अनियमितताओं की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई. साक्ष्य मिलने के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को दबोच लिया.
इससे पहले भी एसीबी ने इस मामले में कई संबंधित व्यक्तियों और प्राधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया था. जांच के दौरान जमीन के कागजात, लेन-देन और पावर ऑफ अटॉर्नी से जुड़े कई अहम पहलुओं की पड़ताल की गई थी. अधिकारियों का मानना है कि यह मामला बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसमें और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है.
एसीबी अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. वहीं, इस कार्रवाई के बाद जमीन से जुड़े अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


