बड़ी खबर : जबलपुर के बाद हमीरपुर में बड़ा नाव हादसा, यमुना से 4 शव बरामद, अन्य की खोज जारी

    बड़ी खबर : जबलपुर के बाद हमीरपुर में बड़ा नाव हादसा, यमुना से 4 शव बरामद, अन्य की खोज जारी

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): हमीरपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. यमुना नदी में नाव पलटने से कई लोग नदी में डूब गए. हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

    जानकारी के मुताबिक, कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर पटिया गांव में यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक परिवार शादी समारोह के बाद नाव से वापस लौट रहा था. मंगलवार को परिवार में शादी थी और बुधवार को विदाई के बाद रिश्तेदार गांव के पास यमुना नदी के टापू पर खरबूजा, ककड़ी और तरबूज लेने गए थे. शाम करीब छह बजे सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे, तभी बीच नदी में अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई. देखते ही देखते खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया.

    नाव में कुल नौ लोग सवार बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद नाविक समेत तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बाकी लोग नदी में बह गए. सुरक्षित निकाले गए लोगों में विष्णु, रिंकू और पारुल शामिल हैं, जिन्हें बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरारा में भर्ती कराया गया. रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले बृजरानी नाम की महिला का शव बरामद किया. इसके बाद करीब 14 वर्षीय किशोरी और नौ वर्षीय बच्ची रानी का शव भी नदी से निकाला गया. बाद में एक और शव मिलने की पुष्टि हुई. हादसे के बाद से कुल छह लोग लापता बताए गए थे, जिनमें से चार के शव बरामद हो चुके हैं. बाकी लोगों की तलाश अब भी जारी है.

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, सीओ सदर राजेश कमल और स्थानीय थाना प्रभारी ने घटनास्थल का जायजा लिया. रातभर स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया. गुरुवार सुबह एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी अभियान में शामिल हो गईं. प्राथमिक जांच में नाव के ओवरलोड होने की बात सामने नहीं आई है. प्रशासन का मानना है कि अंधेरा होने और नदी के बीच संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ. फिलहाल पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस और राहत एजेंसियां बाकी लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं.



    Related News