TNP DESK : भारत के इतिहास में कुछ नाम ऐसे हैं जो सिर्फ व्यक्तित्व नहीं बल्कि प्रेरणा के स्रोत बन जाते हैं. भामाशाह उन्हीं महान विभूतियों में से एक थे जिनकी दानवीरता और राष्ट्रभक्ति आज भी उदाहरण के रूप में याद की जाती है. हर वर्ष भामाशाह जयंती पर उनके अद्भुत योगदान को नमन किया जाता है और समाज को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी जाती है.
त्याग, विश्वास और राष्ट्रप्रेम की मिसाल
भामाशाह मेवाड़ के महाराणा प्रताप के विश्वस्त मंत्री और सेनापति थे. जब हल्दीघाटी के युद्ध के बाद महाराणा प्रताप को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, तब भामाशाह ने अपनी संपूर्ण संपत्ति उन्हें समर्पित कर दी. यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं थी, बल्कि यह त्याग, विश्वास और राष्ट्रप्रेम की मिसाल थी। कहा जाता है कि उनके दान से महाराणा प्रताप वर्षों तक अपनी सेना का पालन-पोषण कर सके और मुगलों के खिलाफ संघर्ष जारी रख सके.
भामाशाह का जीवन हमें निस्वार्थ सेवा का महत्व समझाता है
भामाशाह का जीवन हमें यह सिखाता है कि सच्चा देशभक्त वही होता है, जो अपने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देता है. उन्होंने कभी भी अपने दान का दिखावा नहीं किया बल्कि चुपचाप अपने कर्तव्य का पालन किया. आज के दौर में जब स्वार्थ और व्यक्तिगत लाभ की भावना बढ़ती जा रही है भामाशाह का जीवन हमें निस्वार्थ सेवा का महत्व समझाता है.
विशेष रुप से यह दिन युवाओं को प्रेरित करने का काम करता है
भामाशाह जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं में उनके जीवन पर आधारित नाटक, भाषण और संगोष्ठियां होती हैं. यह दिन विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करने का काम करता है ताकि वे भी समाज और देश के लिए कुछ करने की सोच विकसित करें.
आज जरूरत है कि हम भामाशाह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं. सिर्फ आर्थिक दान ही नहीं बल्कि समय, ज्ञान और सेवा के माध्यम से भी हम समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं. अगर हर व्यक्ति अपने स्तर पर ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करे तो देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता.
सच्ची महानता धन में नहीं बल्कि उस धन के उपयोग में होती है
भामाशाह की कहानी सिर्फ इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं है बल्कि यह हर उस व्यक्ति के दिल में जीवित है जो देश और समाज के लिए कुछ करना चाहता है. उनकी जयंती हमें याद दिलाती है कि सच्ची महानता धन में नहीं बल्कि उस धन के उपयोग में होती है.
अंततः भामाशाह जयंती हमें यह संदेश देती है कि त्याग, समर्पण और देशभक्ति जैसे मूल्य ही किसी भी समाज को महान बनाते हैं. ऐसे महान दानवीर को शत-शत नमन.

