TNP DESK: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद थलपति विजय लगातार सुर्खियों में है और राज्य के हित के लिए अहम फैसले लेते हुए नजर आ रहे हैं.जिसमें कि उनका पहला फैसला था 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा फिर उसके बाद 717 शराब की दुकानों को बंद करने का फैसला जो मंदिर या स्कूल के पास थे.विजय के फैसलों ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है अब उन्होंने अपनी करीबी दोस्त त्रिशा कृष्णन की फिल्म करुप्पू को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है.
थलपति विजय ने सूर्या और तृषा स्टारर फिल्म ‘करुप्पु’ के मेकर्स को सुबह 9 बजे शो चलाने की विशेष अनुमति दी है. प्रोडक्शन हाउस ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर मुख्यमंत्री विजय का धन्यवाद किया. पोस्ट में लिखा गया कि मुख्यमंत्री विजय ने फिल्म के लिए सुबह 9 बजे के शोज की मंजूरी देकर बड़ी मदद की है.
हालांकि देश के कई राज्यों में सुबह के अर्ली मॉर्निंग शोज आम बात हैं, लेकिन तमिलनाडु में इसके लिए अलग नियम लागू हैं. राज्य में सुबह 9 बजे से पहले शो दिखाने पर पाबंदी है और 9 बजे के शो के लिए भी विशेष अनुमति लेनी पड़ती है.
दरअसल, साल 2023 में पोंगल के दौरान फिल्म ‘थुनिवु’ के सुबह 4:30 बजे वाले शो में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. अफरा-तफरी के बीच एक फैन की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद राज्य सरकार ने सुरक्षा कारणों से अर्ली मॉर्निंग और लेट नाइट शोज पर सख्ती बढ़ा दी थी. बड़े सितारों की फिल्मों के दौरान फैंस की भीड़ और हंगामे को देखते हुए यह फैसला लिया गया था.
अब विजय द्वारा ‘करुप्पु’ को मिली अनुमति को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाएं तेज हैं. कई यूजर्स इसे तृषा के लिए विजय का खास जेस्चर बता रहे हैं. कुछ फैंस का कहना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय तमिल सिनेमा में भी नए बदलाव लाने की तैयारी में हैं.
फिल्म ‘करुप्पु’ 14 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. इस एक्शन ड्रामा का निर्देशन आरजे बालाजी ने किया है. खास बात यह है कि करीब 20 साल बाद सूर्या और तृषा एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे. फिल्म को लेकर पहले से ही काफी बज बना हुआ है. वहीं विजय और तृषा के कथित लिंकअप की खबरों के बीच यह फिल्म और भी ज्यादा सुर्खियां बटोर रही है. हाल ही में विजय के शपथ ग्रहण समारोह में तृषा की मौजूदगी ने भी फैंस के बीच चर्चाओं को हवा दे दी थी.

