5 हजार घूस लेते नप गए राजस्व कर्मचारी, निगरानी विभाग ने रंगेहाथों दबोचा


सहरसा (SAHARASA) : सहरसा जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को पाँच हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ पतरघट प्रखंड से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए राजस्व कर्मचारी की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो जमीन से संबंधित मामलों के निपटारे के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था. पीड़ित व्यक्ति रणबहादुर सिंह ने बताया कि राहुल कुमार लंबे समय से उनसे पैसे की मांग कर रहा था और काम नहीं करने पर मानसिक प्रताड़ना दे रहा था. रणबहादुर सिंह ने निगरानी विभाग से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया. निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है और आम लोगों से अपील की है कि वे बिना डर के भ्रष्टाचार की शिकायत करें.
4+